अंबिकापुर। राष्ट्रीय सीनियर मिनी गोल्फ प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए सरगुजा जिले के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर कई पदक अपने नाम किए। मिनी गोल्फ खेल को नई पहचान मिली है। प्रतियोगिता में प्रीतम जायसवाल ने डबल इवेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अर्जित किया, वहीं शिवानी सोनी ने सिंगल इवेंट में कांस्य पदक जीता। बृजदेव सिंह ने टीम इवेंट में रजत पदक, जबकि एंजल प्रीति टप्पो एवं फरहान खान ने टीम इवेंट में कांस्य पदक हासिल कर छत्तीसगढ़ एवं सरगुजा जिले का गौरव बढ़ाया।
राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि खिलाड़ियों के निरंतर अभ्यास, अनुशासन एवं समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा सरगुजा में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। यदि खिलाड़ियों को उचित प्रशिक्षण, संसाधन एवं अवसर मिलते रहें तो वे राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने कहा कि यह सफलता आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी तथा मिनी गोल्फ खेल के विकास को नई गति प्रदान करेगी। एसोसिएशन ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों एवं छत्तीसगढ़ टीम को इस उत्कृष्ट उपलब्धि पर बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की है।

Spread the love