अंबिकापुर। अणुव्रत विश्व भारती सोसायटी के निर्देशन में चल रहे पर्यावरण जागरूकता अभियान के अंतर्गत, देशभर की अणुव्रत समितियों व मंच ने विश्व पर्यावरण दिवस, 5 जून को आम नागरिकों से अपने संस्थानों, दुकानों, कार्यालयों और घरों में दोपहर 2 से 4 बजे तक एयर कंडीशनर बंद रखने का आव्हान किया है, ताकि ऊर्जा संरक्षण हो सके और पर्यावरण के प्रति लोग संवेदनशील हों।
अभियान का नेतृत्व अणुव्रत विश्व भारती सोसायटी के अध्यक्ष प्रताप सिंह दुग्गड़ कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि, देशभर में हजारों अणुव्रत कार्यकर्ताओं के द्वारा पर्यावरण संरक्षण हेतु विविध जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। अणुविभा के महामंत्री मनोज सिंघवी ने इसे जनभागीदारी से जनजागरूकता की दिशा में एक सशक्त प्रयास बताया। अणुविभा प्रचार-प्रसार मंत्री पंकज दुधोडिया ने बताया कि, इस पर्यावरण अभियान में अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न प्रचार माध्यमों द्वारा व्यापक स्तर पर जनजागरूकता फैलाई जा रही है। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ राज्य प्रभारी ममोल कोचेटा ने अंबिकापुर में स्थानीय समिति के साथ बैठक की। अणुव्रत समिति के अध्यक्ष धनपत महनोत, मंत्री महेंद्र बोथरा ने बताया कि स्थानीय स्तर पर भी इस मौके पर विविध आयोजन किए जाएंगे। इको-फ्रेंडली कैरी बैग का वितरण, अणुव्रत वाटिका का शुभारंभ, पर्यावरण प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, जागरूकता संगोष्ठियां, संवाद सत्र, वृक्षारोपण एवं पौधों का वितरण किया जाएगा। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पर्यावरण प्रभारी विनोद कोठारी ने बताया कि यह पहल केवल एक प्रतीकात्मक कार्य नहीं, बल्कि हर नागरिक को पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनाने का एक ठोस प्रयास है। छोटे-छोटे प्रयास जब सामूहिक रूप लेते हैं, तो बड़े परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त होता है। पर्यावरण जागरूकता अभियान की राष्ट्रीय संयोजिका डॉ. नीलम जैन ने कहा कि देशभर की अणुव्रत समितियों एवं मंचों के माध्यम से यह अभियान जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। जन शिक्षण संस्थान, सरस्वती महाविद्यालय, सरस्वती शिशु मंदिर, सरगुजा साइंस ग्रुप जैसी सामाजिक संस्थाओं का भी सहयोग प्राप्त हो रहा है, जिससे अधिक से अधिक लोग स्थानीय स्तर पर इस पर्यावरण संरक्षण अभियान से जुड़ रहे हैं। अधिक से अधिक जनसहभागिता एवं प्रमाणिक आंकड़े प्राप्त करने के लिए गूगल फार्म के माध्यम से बंद किए गए, एसी की संख्या दर्ज करने का आग्रह किया गया है।

Spread the love