अंबिकापुर। शहर के मणिपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित संकल्प अस्पताल में सुरक्षा गार्ड के पद पर पदस्थ महिला जनरेटर के पंखे में चुनरी फंसने से बुरी तरह से घायल हो गई थी। इलाज के दौरान सोमवार को अपरान्ह करीब 3 बजे उसकी मौत हो गई। मृतिका के शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया है।
जानकारी के मुताबिक, दर्रीपारा में स्थित संकल्प अस्पताल में अनिषा पति अमित तिग्गा 26 वर्ष, सुरक्षा गार्ड के रूप में सेवा दे रही थी। बीते दो मई को मौसम में आई तब्दीली के साथ आंधी-तुफान को देखते हुए वह जनरेटर में डीजल का लेवल चेक करने के लिए गई थी। बताया जा रहा है कि इस दौरान उसके गर्दन में लिपटा दुपट्टा जनरेटर के पंखे में फंस गया, और उसे संभलने का मौका नहीं मिल पाया। उसके सिर में गंभीर चोट आई थी। शोर सुनकर अस्पताल के अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे और महिला को तत्काल आपातकालीन चिकित्सा सुविधा संकल्प अस्पताल में ही उपलब्ध कराई गई थी, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अस्पताल प्रबंधन की ओर से इसकी सूचना पुलिस को देने की भी जानकारी दी जा रही है।
अस्पताल प्रबंधन ने हादसे में महिला सुरक्षा के मौत पर संवेदना व्यक्त करते हुए बताया गया है कि, मृत महिला के एक व्यक्ति को योग्यता के आधार पर अस्पताल में काम दिया जाएगा। मृतिका की बच्ची की पढ़ाई के लिए भी संकल्प फाउंडेशन से सहयोग की पहल की जाएगी। 18 वर्ष पूर्ण होने पर अगर बच्ची चाहे तो अपनी योग्यता के अनुसार अस्पताल में काम कर सकती है।

Spread the love