अंबिकापुर। घरेलु बात पर विवाद की स्थिति बनने के बाद चचेरे भाई की लकड़ी के बहिंगा और हसिया से गंभीर चोट पहुंचाकर हत्या करने वाले आरोपी को केदमा पुलिस चौकी टीम ने गिरफ्तार करके न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बहिंगा और हसिया जप्त किया है।
जानकारी के मुताबिक प्रार्थी जगत राम मझवार निवासी ग्राम खुझी, चौकी केदमा ने 17 अप्रैल को पुलिस चौकी केदमा, थाना उदयपुर आकर रिपोर्ट दर्ज कराया था कि कमलेश मंझवार अपने चचेरे भाई प्यारी राम मंझवार के घर में करीब 01 साल से रहता था। पिछले छह माह से उनके बीच में विवाद चल रहा था। प्यारी राम मंझवार उसके घर आकर बताया कि 16 अप्रैल की रात को 11 बजे कमलेश मंझवार उसके साथ झगड़ा कर रहा था। इस दौरान वह लकड़ी के बहिंगा से कमलेश मंझवार के सिर में मारा है, जिससे वह मौके पर गिर गया। इसके बाद हसिया से गर्दन में चोट पहुंचाकर कमलेश मंझवार की हत्या कर दिया है। जब वह प्यारी रामा मंझवार के घर गया तो कमलेश मंझवार का शव घर परछी में पड़ा था। रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के विरूद्ध चौकी केदमा में धारा 103(1) बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध करके विवेचना में लिया था।
दौरान विवेचना पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करके गवाहों का कथन लिया और शव पंचनामा करके आरोपी प्यारी राम मंझवार पिता स्व. शिवराम मंझवार 45 वर्ष से घटना के संबंध में पूछताछ की तो उसने अपने चचेरे भाई से घरेलू विवाद होने पर लकड़ी के बहिंगा एवं हंसिया से गंभीर चोट पहुंचाकर हत्या करना स्वीकार किया। प्रकरण मे आरोपी को गिरफ्तार करके पुलिस ने न्यायालय के समक्ष पेश किया है। कार्रवाई में चौकी प्रभारी केदमा उप निरीक्षक राजेंद्र सिंह, प्रधान आरक्षक नामूल राम, विनोद तिर्की, आरक्षक जोधन राम सक्रिय रहे।

Spread the love