फायर सेप्टी मॉक ड्रिल का रक्षित केंद्र में आयोजन, फायर कर्मियों को दी श्रद्धांजलि
अंबिकापुर। अग्नि सुरक्षा हेतु फायर सेप्टी मॉक ड्रिल का आयोजन रक्षित केंद्र में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरगुजा एवं नगर पुलिस अधीक्षक अंबिकापुर के उपस्थिति में किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों को आपात स्थिति में आग से बचाव और नियंत्रण के लिए त्वरित कार्रवाई के गुर सिखाए गए। मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपदा प्रबंधन के दौरान पुलिस की क्षमता को मजबूत करना और विपरीत परिस्थितियों के लिए तैयार करना था।
बता दें कि 14 अप्रैल से 20 अप्रैल तक जिले में अग्नि सुरक्षा सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है, इसी क्रम में डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में आपदा प्रबंधन के दौरान पुलिस की कार्यक्षमता को मजबूत करने और आगजनी जैसी विपरीत परिस्थितियों में मौके पर त्वरित कार्रवाई करके आम नागरिकों को पुलिस राहत प्रदान कर सके, इस उद्देश्य से आधुनिक उपयोगी संसाधनों से प्रशिक्षित किया गया। रक्षित केंद्र अंबिकापुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो एवं नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल के उपस्थिति में अग्निशमन दस्ता द्वारा अग्नि सुरक्षा का मॉकड्रिल प्रारंभ करने के पूर्व वर्ष 1944 में अग्नि हादसे के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले 66 फायर कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इनके सम्मान में दो मिनट का मौन रखकर बलिदान को याद किया गया और कृतज्ञता अर्पित की गई। तत्पश्चात अग्निशमन विभाग की फायर टीम द्वारा फायर एक्सटिंग्विशर समेत अन्य उपकरणों कें इस्तेमाल का लाइव डेमो देकर व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया। गैस सिलिंडर की आग को बुझाने के तरीकों का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया। अधिकारियों-कर्मचारियों ने मौके पर गैस सिलिंडर में लगी आग को बुझाकर देखा। प्रशिक्षण में बताया गया कि आग लगने पर सबसे पहले लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाना चाहिए और तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना देनी चाहिए। शुरुआती स्तर पर ही आग पर काबू पा लिया जाए, तो बड़े हादसे से बचा जा सकता है। मॉकड्रिल के दौरान रक्षित निरीक्षक अंबिकापुर तृप्ति सिंह राजपूत, नगर सेना उप निरीक्षक (एम) संजय गुप्ता, फायरमैन अंजनी तिवारी, फायर टीम से चंद्रप्रताप सिंह, गुलशन तिवारी, सुशील खलखो, सैनिक अनवर साय, अजय लकड़ा एवं काफी संख्या में पुलिस अधिकारी-कर्मचारी सक्रिय रहे।
आग से बचाव के लिए त्वरित निर्णय बेहद जरूरी-एएसपी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरगुजा ने अपने संबोधन में कहा कि आग से बचाव के लिए जागरूकता और त्वरित निर्णय बेहद जरूरी है। छोटी लापरवाही बड़ी घटनाओं का कारण बनती है। ऐसे में सुरक्षा मानकों का पालन करना और आपात स्थिति में सूझबूझ से काम लेना जरुरी है। इस तरह के मॉकड्रिल से अधिकारियों-कर्मचारियों का आत्मविश्वास बढ़ता है और आपदा प्रबंधन की स्थिति में बेहतर ढंग से कार्रवाई करके नागरिकों को राहत दिलाई जा सकती है। उन्होंने कहा अधिकारी-कर्मचारी इस प्रशिक्षण का लाभ लें और आपदा प्रबंधन के समय मिली सीख का बेहतर ढंग से उपयोग करें।

Spread the love