उदयपुर। थाना क्षेत्र में देर रात एक फल दुकान में आगजनी से दुकान पूरी तरह से जलकर खाक हो गया। वहीं घटनास्थल के पास खड़ी एक कार और घरेलू लाइटों को नुकसान पहुंचा है। आगजनी में लगभग डेढ़ लाख रुपये के नुकसान का अंदेशा जताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम उदयपुर निवासी पिन्टू उर्फ अभिजीत सिंह का वृंदावन फ्रूट्स एवं वेजीटेबल मार्केट नाम से दुकान एचपी पेट्रोल पंप के सामने संचालित है। बीती रात करीब 2 बजे अज्ञात असामाजिक तत्वों ने दुकान में आग लगा दी। इसकी सूचना पड़ोसी ऋषिकेश सोनी ने मोबाइल के माध्यम से दी। फल दुकान संचालक जब मौके पर पहुंचा तो दुकान में भीषण आग लगी हुई थी। आसपास के लोगों और पुलिस की मदद से आग को बुझाने का प्रयास किया गया। देर रात करीब 3 बजे अदानी कंपनी का दमकल वाहन मौके पर पहुंचा, तब कहीं आग पर काबू पाने में सफलता मिली। आगजनी में दुकान में रखा लगभग 90 हजार रुपये का फल, अलमारी, ट्रे और इलेक्ट्रॉनिक तराजू पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। वहीं पास में खड़ी एक कार और घर की लाइटों को भी नुकसान पहुंचा है। दुकान संचालक ने असामाजिक तत्वों के द्वारा ज्वलनशील पदार्थ का उपयोग कर घटना को अंजाम देने की आशंका व्यक्त की गई है। मामले में थाना उदयपुर में शिकायत दर्ज कराई गई है और पुलिस से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।    

Spread the love