भाजपा मंडल महामंत्री के पद और प्राथमिक सदस्यता से महिला के भाई ने इस्तीफा दिया

अंबिकापुर। शासकीय जमीन पर अतिक्रमण बताकर विधवा महिला के मकान को शुक्रवार की सुबह प्रशासन ने बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। मामला सरगुजा जिले के रोपाखार, मैनपाट का है। महिला का कहना है कि मैनपाट में कई स्थानों पर अवैध मकान बने हैं, लेकिन प्रशासन ने उन पर किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की। कार्रवाई से क्षुब्ध बेवा महिला के भाई, भाजपा मंडल के महामंत्री ने प्रशासन पर पक्षपातपूर्ण कार्रवाई का आरोप लगाया है। मामले में पार्टी से अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने पर उन्होंने मंडल महामंत्री के पद और प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है।
भाजपा मंडल अध्यक्ष मैनपाट को भेजे गए त्यागपत्र में मंडल महामंत्री गौतम पैकरा ने लिखा है कि उनकी विधवा बहन ग्राम रोपाखार में खसरा नंबर 853 के रकबा 2 हेक्टेयर में से 0.002 हेक्टेयर भूमि पर मकान बनाकर निवास कर रही थी। उक्त भूमि का उसे वन अधिकार पत्र भी मिला था। पति की मौत के बाद काबिज खसरा नंबर की जगह त्रुटिवश उसे खसरा नंबर 754 का वन अधिकार पत्र प्रदान किया गया। इसकी जानकारी लगते ही उनकी बहन ने सरगुजा कलेक्टर के पास त्रुटि सुधार के लिए आवेदन लगाया था। इसी बीच अंबिकापुर निवासी आयुष गर्ग, जिसकी भूमि शासकीय भूमि के पीछे है, की शिकायत पर तहसील मैनपाट द्वारा उनके बहन के मकान को अवैध कब्जा बताकर तोड़ दिया गया। मंडल महामंत्री का आरोप है कि मैनपाट के रोपाखार, केसरा और नर्मदापुर पंचायत के दर्जनों गांवों में अवैध अतिक्रमण हटाने के आदेश वर्षों पूर्व पारित किए जाने के बाद भी आज तक नहीं हटाए गए हैं।
बाक्स
पक्षपातपूर्ण कार्रवाई का उल्लेख कर दिया इस्तीफा
फोटो-इस्तीफा पत्र
भाजपा मंडल महामंत्री ने पत्र में लिखा है कि गरीब, आदिवासी विधवा महिला पर की गई कार्रवाई के अलावा प्रशासनिक व राजनीतिक सहयोग नहीं मिलने से वे क्षुब्ध हैं। पत्र में उन्होंने उल्लेख किया है कि उनके पूरे परिवार ने वर्ष 1992 से पार्टी के लिए निष्ठापूर्वक कार्य किया। प्रदेश के मुख्यमंत्री भी उन्हीं की जाति के हैं, इसके बाद भी कलेक्टर ने पक्षपातपूर्ण कार्रवाई की है। इसी वजह से वे पार्टी के मंडल महामंत्री, सक्रिय सदस्यता और प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रहे हैं। उन्होंने इस्तीफा पत्र की प्रतिलिपि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, संगठन महामंत्री पवन साय व सरगुजा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया को भी प्रेषित की है।

Spread the love