कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने निगम आयुक्त का विभिन्न बिंदुओं पर कराया ध्यानाकर्षण

अंबिकापुर। एआईसीसी के सदस्य आदित्येश्वर शरण सिंहदेव के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी, सरगुजा के एक प्रतिनिधि मंडल ने शहर की विद्युत स्ट्रीट लाइट को तत्काल प्रभाव से मरम्मत कराने एवं समय-समय पर नियमित रख-रखाव करने और चौपाटी क्षेत्र को ‘वॉकिंग स्ट्रीटÓ घोषित करने की मांग को लेकर निगमायुक्त से मुलाकात किया।
कुछ दिनों पूर्व शहर के प्रमुख स्थल सद्भावना चौक के पास एक महिला की दुष्कर्म के बाद भयावह तरीके से हत्या कर दी गई। आज दिनांक तक अपराधी कानून की गिरफ्त से दूर है। घटनाक्रम जहां हुआ, उक्त चौक एवं रिंग रोड में स्ट्रीट लाइट खराब थी, जिससे अपराधी का मनोबल मजबूत रहा। शहर के अंतर्गत आने वाले रिंग रोड की समस्त स्ट्रीट लाइट का आंकलन करें तो समस्त लाइटों में 25-30 प्रतिशत ही स्ट्रीट लाइट चालू हैं, बाकि सभी खराब हैं, इसे संज्ञान में लेकर दुरुस्त कराने की पहल करने की मांग की गई है। साथ ही शहर सीमा के अंतर्गत आने वाले समस्त चौकों के मध्य में हाई मास्ट लाइट लगाने का आग्रह किया गया है। कई वार्डों में भी स्ट्रीट लाइट के अभाव में अंधेरा छाया रहता है।
इसी क्रम में शहर के हृदय स्थल ‘चौपाटीÓ पर पार्किंग की अनियमितता के कारण अक्सर जाम की स्थिति को देखते हुए बड़े शहरों के तर्ज पर इस स्थल को ‘वॉकिंग स्ट्रीटÓ घोषित करने की मांग की है, ताकि किसी प्रकार के दोपहिया एवं चार पहिया वाहनों का प्रवेश वर्जित रहे। कहा गया है कि जोड़ा पीपल की तरफ से आने वाले मार्ग में पड़ने वाले नगर निगम के पूर्व भवन का हिस्सा पार्किंग हेतु उपयोग में लिया जाए, ताकि यदि किसी वाहन को अन्यत्र जाना हो तो वह घड़ी चौक, गांधी चौक होते हुए आकाशवाणी चौक की तरफ सुविधा पूर्वक जा सके। इस मार्ग पर शिव मंदिर से पहले जहां से चौपाटी की सीमा आरंभ होती है, वहां आकाशवाणी चौक की तरफ से आने पर इंडोर बैडमिंटन स्टेडियम की सीमा के पश्चात बैरिकेडिंग कर के चौपाटी को वाहन पार्किंग हेतु उपयोग में लाने व चोपड़ा पारा की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग को भी पार्क के दोनों तरफ से बैरिकेडिंग कर पार्किंग हेतु उपयोग में लाया जा सकता है। प्रयोग के तौर पर प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से रात्रि 10 बजे तक सांकेतिक बैरिकेडिंग करके इससे पड़ने वाले प्रभाव को देखने कहा गया है। प्रशासन को उचित लगे तो सुविधा के एवज में यथोचित वाहन पार्किंग शुल्क भी ले सकता है। इससे नगर निगम की आय में भी वृद्धि होगी, साथ ही रोजगार के अवसर भी उपलब्ध होंगे। प्रतिनिधि मंडल में कांग्रेस व्यापार प्रकोष्ठ सरगुजा के अध्यक्ष अमित तिवारी राजा, पार्षद हसन खान, निक्की खान, पार्षद शुभम जायसवाल, तरनराज बाबरा, शिवांशु गुप्ता, अतुल तिवारी सहित अन्य मौजूद रहे।

Spread the love