डीन ने कहा-आईसीयू से कम गहन देखभाल की आवश्यकता वाले मरीजों को मिलेगा लाभ

अंबिकापुर। मेडिकल कॉलेज अस्पताल के मेडिसन विभाग में 6-बेड हाई डिपेंडेंसी यूनिट (एचडीयू) का उद्घाटन अधिष्ठाता डॉ. अविनाश मेश्राम ने किया। इस मौके पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर.सी. आर्या, मेडिसन विभागाध्यक्ष डॉ. पंकज टेम्भुर्निकर, एनेस्थेसिया विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश निगम, ऑर्थोपेडिक्स विभागाध्यक्ष डॉ. अरूणेश सिंह, एनेस्थीजिया विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश निगम, एनेस्थीजिया विशेषज्ञ डॉ. आशा बंसल, मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. मो. शागिल, डॉ. नवनीत दुबे सहित अस्पताल के चिकित्सक, नर्सिंग एवं सपोर्टिंग स्टाफ उपस्थित थे।
एचडीयू की स्थापना का मुख्य उद्देश्य गंभीर रूप से बीमार मरीजों को बेहतर निगरानी एवं उन्नत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। इस यूनिट में आधुनिक मॉनिटरिंग सिस्टम, ऑक्सीजन सपोर्ट, मल्टी पैरामीटर मॉनिटर तथा आवश्यक जीवनरक्षक उपकरणों की समुचित व्यवस्था की गई है, जिससे मरीजों की निरंतर एवं प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जा सकेगी।
अधिष्ठाता डॉ. अविनाश मेश्राम ने बताया कि यह सुविधा विशेष रूप से उन मरीजों के लिए उपयोगी होगी, जिन्हें आईसीयू जैसी गहन देखभाल की आवश्यकता तो नहीं होती, लेकिन सामान्य वार्ड की तुलना में अधिक निगरानी की जरूरत होती है। एचडीयू के प्रारंभ होने से अस्पताल में उच्च स्तरीय चिकित्सा सेवाओं का विस्तार होगा तथा मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध होगा। एसडीयू में प्रत्येक बेड पर मल्टी-पैरामीटर मॉनिटर की सुविधा दी गई है। इसके अलावा ऑक्सीजन सप्लाई एवं सेंट्रलाइज्ड गैस पाइपलाइन सिस्टम, हाई-फ्लो ऑक्सीजन एवं आपातकालीन वेंटिलेशन सपोर्ट, कार्डियक मॉनिटरिंग एवं निरंतर निगरानी की व्यवस्था, प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ एवं 24/7 चिकित्सकीय निगरानी, संक्रमण नियंत्रण के लिए विशेष प्रोटोकॉल जैसी सुविधाएं दी गई हैं। यह यूनिट विशेष रूप से उन मरीजों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी, जिन्हें सामान्य वार्ड से अधिक लेकिन आईसीयू से कम गहन देखभाल की आवश्यकता होती है। गंभीर संक्रमण, पोस्ट-ऑपरेटिव केयर तथा हृदय एवं श्वसन संबंधी समस्याओं से ग्रसित मरीजों का इसका लाभ मिलेगा।

Spread the love