जरही/भटगांव। सूरजपुर जिला के ग्राम बरौधी में मंगलवार को सड़क हादसे में बाइक सवार 14 वर्षीय किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, साथ में सवार दो अन्य नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, तीनों किशोर स्कूल से मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 15 सीव्ही 7836 में सवार होकर जरही की ओर जा रहे थे। रास्ते में भटगांव रोड स्थित ग्राम बरोधी के चौहान कॉम्पलेक्स के पास अचानक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चला रहे किशोर की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान धनंजय राजवाड़े (14 वर्ष) पिता लोचन राजवाड़े, निवासी ग्राम करौंधा के रूप में हुई है। हादसे में घायल अन्य दो किशोर अलग-अलग गांव बरोधी और जरही शक्तिनगर के बताए जा रहे हैं। दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है, इनका इलाज मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भटगांव भेजा गया है। दर्दनाक हादसे की खबर के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

Spread the love