अंबिकापुर। सूरजपुर जिला के भैयाथान विकासखंड अंतर्गत ग्राम कुसमुसी के पशुपालक बिजेंद्र पैकरा के बैल की पीड़ा को चलित पशु चिकित्सा इकाई की टीम ने गांव पहुंचकर दूर किया। टीम ने सीमित संसाधनों के बीच न सिर्फ बैल का ऑपरेशन किया, बल्कि उपचार करके पिछले लगभग एक महीने से हॉर्न कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से राहत दी। बीमार बैल असहनीय दर्द झेल रहा था और उसके सींग से लगातार रक्तस्राव हो रहा था। पशुपालक ने कई बार सामान्य उपचार करवाया, लेकिन कोई विशेष सुधार नहीं हुआ। इस स्थिति से वह काफी हताश और परेशान हो चुका था।
इसी बीच उसे पशु हेल्पलाइन नंबर 1962 के बारे में जानकारी मिली। पशुपालक ने तुरंत 1962 पर कॉल करके चलित पशु चिकित्सा इकाई (एमव्हीयू) भैयाथान से संपर्क किया। एमव्हीयू की टीम ने तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए पशुपालक के घर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया। सीमित संसाधनों के बावजूद टीम ने साहस और कुशलता का परिचय देते हुए जटिल ऑपरेशन किया और बैल के संक्रमित सींग को सफलतापूर्वक निकाल दिया। ऑपरेशन के बाद बैल की स्थिति में सुधार है और स्थिति पहले से काफी बेहतर है। पशुपालक ने एमव्हीयू भैयाथान की टीम का समय पर पहुंचकर एक पशु का जीवन बचाने के लिए आभार व्यक्त किया है। सर्जरी में डॉ. चंद्रकांत सिंह, डॉ. मंजूर आलम, डॉ. मुकेश सिंह, खुशबु देवांगन, सूरज कुमार (एव्हीएफओ) और पा्यलट राजेश कुमार का महत्पूर्ण योगदान रहा।

Spread the love