प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान सरकार पर जमकर हमला बोला

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने मंगलवार को शहर के सर्किट हाउस में पत्रकारों से चर्चा के दौरान प्रदेश की साय सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सब कुछ भगवान भरोसे है। सरकार अफीम की खेती अपने संरक्षण में करवा रही है। इनके मंत्री अपनी गाड़ियों में सिलिंडर लेकर चल रहे हैं। नकली शराब बिक्री और सूखे नशे का कारोबार चरम पर है। प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।
दीपक बैज संगठन सृजन अभियान के तहत पिछले 14 दिनों से सरगुजा संभाग में लगातार प्रवास पर हैं, और कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को रीचार्ज करने में लगे हैं। वे कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करके संगठन की जमीनी पकड़ को मजबूत करने पर जोर दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत कई स्थानों पर बूथ गठन किया गया है और कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जा रहा है। प्रदेश अध्यक्ष ने सरगुजा संभाग के सूरजपुर और बलरामपुर में कांग्रेस पदाधिकारियों द्वारा दिए गए सामूहिक इस्तीफों पर कहा, जिन्हें पार्टी में काम नहीं करना, वे जा सकते हैं। हमें 24 घंटे समर्पित रहने वाले कार्यकर्ताओं की जरूरत है। पार्टी को 24 घंटे काम करने वाले समर्पित कार्यकर्ताओं की जरूरत है। उन्होंने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है, सरकार भगवान भरोसे चल रही है। प्रदेश में अफीम की खेती सरकार के संरक्षण में हो रही है। इस काम में भाजपा के नेता सीधे शामिल हैं। एफआइआर में भाजपा नेताओं को बचाने के लिए इनका नाम नीचे रखा गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे प्रदेश को सूखे नशे की चपेट में सरकार ने धकेल दिया गया है, शराब पर नकली होलोग्राम लगाकर बेचा जा रहा है। इस पूरे मामले में मुख्यमंत्री को जवाब देना चाहिए। दीपक बैज ने रसोई गैस को लेकर भी प्रदेश और देश की सरकार को जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि मंत्री खुद अपनी गाडिय़ों में गैस सिलिंडर लेकर चल रहे हैं और रेस्ट हाउस में खाना बनवाकर सिलिंडर वापस ले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में रसोई गैस को लेकर आम लोगों की परेशानी और बढ़ सकती है। सदन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने खुद कहा है कि आने वाले दिनों में कोरोना जैसी स्थिति निर्मित हो सकती है। प्रेस वार्ता दौरान सरगुजा जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, पूर्व मंत्री अमरजीत भगत, डॉ. प्रेमसाय सिंह, द्वितेन्द्र मिश्रा, सूरजपुर जिला अध्यक्ष शशि सिंह, शैलेन्द्र प्रताप सिंह, दानिश रफीक, अनूप मेहता, अशफाक अली, डॉ. लालचंद यादव, इरफान सिद्दीकी सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित थे।
नक्सलवाद खत्म हो, साथ ही उठाए ये सवाल
नक्सली लीडर पापा राव के आत्मसमर्पण और नक्सलवाद के खात्मे पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि इसका खत्म होना अच्छी बात है, लेकिन इसके बाद भी बस्तर में चुनौतियां खत्म नहीं होंगी। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सरकार गारंटी दे सकती है कि 31 मार्च के बाद किसी आदिवासी को नक्सली बताकर परेशान नहीं किया जाएगा और जल-जंगल-जमीन को निजी हाथों में बेचने से रोकेगी? उन्होंने कहा कि बस्तर निवासी होने के नाते वे इस दर्द को बेहतर समझते हैं। नक्सलवाद खत्म हो, यह हम भी चाहते हैं, लेकिन क्या सरकार यह गारंटी देगी कि 31 मार्च के बाद किसी निर्दोष आदिवासी को नक्सली बताकर प्रताड़ित नहीं किया जाएगा?
बीमार सिस्टम के कारण हिरणों की हुई मौत
अंबिकापुर के संजय वन वाटिका में हिरणों की मौत के मामले को लेकर दीपक बैज ने सरकार को जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि यह सामान्य घटना नहीं, बल्कि बीमार सिस्टम का परिणाम है। रेस्क्यू सेंटर के नाम पर जानवरों को पार्क में रखा गया है, जिससे उनकी सुरक्षा प्रभावित हुई है। अगर ये जानवर जंगल में रहते, तो क्या इन पर कुत्ते हमला करते? इस मामले में सिर्फ निचले स्तर पर कार्रवाई कर खानापूर्ति की गई है, बड़े अधिकारियों की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। उन्होंने 15 हिरणों की मौत पर दु:ख जताते हुए इसे सिस्टम की नाकामी करार दिया और कहा कि केवल एक रेंजर पर कार्रवाई काफी नहीं है। विभाग के बड़े अफसरों और वन मंत्री को इसके लिए नैतिक जिम्मेदारी लेनी चाहिए।

Spread the love