15 लाख नकद व असली सोने का जेवर ले गए थे, आरोपियों से 20.31 लाख नकद सहित 37 लाख का सामान बरामद
अंबिकापुर। घी बेचने के लिए वर्षों से शहर के एक परिवार के बीच पहुंच रही महिला ने अन्य लोगों के साथ मिलकर नकली सोने का बिस्किट थमाकर, 200 ग्राम का सोने का जेवरात और 15 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गई। मामले में कोतवाली थाना एवं साइबर थाना पुलिस टीम ने 04 अंतर्राज्यीय आरोपियों को गुजरात और प्रयागराज से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से नकदी सहित करीब 37 लाख रुपये का सामान बरामद करने में पुलिस सफल हुई है।
नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल ने बताया कि शहर के एक व्यक्ति ने 08 मार्च को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि उनके घर में मंजू नाम की महिला करीब 7-8 वर्षों से घी बेचने के लिए आती थी, जो खुद को राजस्थान किशनगढ़ का रहने वाला बताती थी। हमेशा घर में आने-जाने के कारण घर के मुखिया से उसका मुहबोली बहन का रिश्ता हो गया था। होली पर्व से पहले महिला उक्त व्यक्ति के घर में अपने साथ सोने का बिस्किट लेकर पहुंची और बोली कि उसके घर में शादी है, इसका गहना बनवा दीजिए। इस पर उन्होंने होली के बाद सोनार से गहना बनवा देने के लिए कहा था। होली पर्व खत्म होने के बाद उपरोक्त महिला अपने 2 अन्य महिला साथियों के साथ 07 मार्च को शाम करीब 4.45 बजे उक्त व्यक्ति के घर पहुंची और अपने साथ में लाए करीब आधा किलो सोने के बिस्किट देते हुए बोली कि, आपके घर में शादी में लेट है, और उसके यहां तत्काल शादी है, इसलिए सोने का बिस्किट रख लीजिए और अपनी लडकी के लिए जो जेवर बनवाए हैं, उसे और 15-20 लाख रुपये दे दीजिए। लम्बे समय से घर में आना-जाना होने के कारण वे महिला के झांसे में आ गए, या सम्माहित हो गए और सोने के बिस्किट की मात्रा लड़की के लिए बनवाए गए जेवर से ज्यादा होने के कारण कान का टप्स, कंगन, हार, अंगूठी कुल वजन लगभग 200 ग्राम और बेटी की शादी के लिए जमा करके रखे 15 लाख रुपये नकद को बिना सोचे-समझे थमा दिया, और बदले में सोने का बिस्किट अपने पास रख लिया। इसके बाद तीनों सोने का जेवर व नगद रुपये लेकर चले गए। इनके जाने के करीब आधा घंटे बाद इन्हें ठगी का एहसास हुआ और कथित सोने का बिस्किट लेकर पड़ोस के सोनार दुकान में चेक करवाए, तो पता चला कि मंजू नाम की महिला व उसके अन्य 2 महिला साथी नकली सोने का बिस्किट देकर उसके बदले में असली सोने का जेवरात और नकद 15 लाख रुपये छलपूर्वक ले गए हैं। मामले में थाना कोतवाली में धारा 318(4), 61(2), 3(5) बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध करके पुलिस ने विवेचना में लिया था। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल ने ठगी के बड़े मामले को संज्ञान में लेकर विशेष पुलिस टीम का गठन किया और आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करके रकम और जेवरात बरामद करने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में थाना कोतवाली एवं साइबर सेल की संयुक्त पुलिस टीम घटनास्थल का निरीक्षण करके सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन की और आरोपियों की पहचान करके तलाश में जुटी। संयुक्त पुलिस टीम तकनीकी सहायता से आरोपियों के संबंध में जानकारी प्राप्त कर आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए गुजरात रवाना हुई थी।
राजकोट और प्रयागराज से इन्हें किया गिरफ्तार
अंबिकापुर से गई पुलिस टीम ने गुजरात पुलिस के सहयोग से सतत प्रयास करते हुए आरोपिया मंजू राठौर पति उत्तम राठौर 44 वर्ष, हाल-मुकाम कंपनी बाजार अंबिकापुर, स्थायी मुकाम गडका, थाना अजीधाम जिला राजकोट गुजरात व संतोष राठौर पिता श्यामजी राठौर 45 वर्ष निवासी गडका, गुजरात को अभिरक्षा में लिया और घटना के संबंध में पुलिस पूछताछ की तो इन्होंने नकली सोने का बिस्किट देकर नकद रकम और असली सोने का जेवरात लेना स्वीकार किया। आरोपियों के निशानदेही पर 07 लाख 78 हजार रुपये नकद एवं 01 सोने का कड़ा लगभग 50 ग्राम बरामद किया गया। पूछताछ में इन्होंने एक सोने का कड़ा सहित अन्य जेवरात व रुपये प्रयागराज निवासी सुनीता गुजराती पति रवि गुजराती 35 वर्ष निवासी धांगतरा गुजरात, हाल-मुकाम भावपुरा थाना करौली प्रयागराज उत्तर प्रदेश व कमला गुजराती पिता पप्पू गुजराती 45 वर्ष निवासी धांगतरा गुजरात के पास होने बताया। इसकी सूचना राजकोट में मौजूद पुलिस टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों को दी, जिस पर अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु एक अन्य पुलिस टीम को प्रयागराज उत्तर प्रदेश रवाना किया गया। पुलिस टीम ने सुनीता और कमला गुजराती को प्रयागराज से अभिरक्षा में लिया और इनके कब्जे से 12 लाख 53 हजार रुपये नकद एवं सोने का एक कड़ा लगभग 50 ग्राम बरामद किया।
प्रार्थी ने थाने पहुंच कर पुलिस का जताया आभार
प्रार्थी ने बताया कि वह अपनी बेटी के शादी के लिए 5-10 हजार रुपये जमा कर-करके आभूषण बनावाया था। उसे नहीं मालुम था कि जिसे वह बहन का दर्जा देकर रखा था, और आए दिन परिवार के बीच जो आना-जाना करती है, वह उसके साथ इस प्रकार छल करेगी। सोने का बिस्किट देते वक्त उन्हें व पूरे परिवार को न जाने इन्होंने कैसे सम्मोहित करके रखा था, कि वे बिना जांचे नकली सोने का बिस्किट लेकर असली सोने का जेवरात और 15 लाख रुपये एक झटके में उन्हें थमा दिए। इनके जाने के करीब आधे घंटे बाद उन्हें झटका लगा और सोने का बिस्किट लेकर सोनार के दुकान में पहुंचे, तो पता चला कि वे ठगी का शिकार हो गए हैं। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के लिए प्रार्थी ने पुलिस अधिकारियों और कार्रवाई में शामिल टीम का आभार व्यक्त किया।
प्रयागराज में बेचा सोने का हार, अंगूठी और कान का टप्स
आरोपियों के कब्जे से नकद राशि 20 लाख 31 हजार रुपये, सोने का 02 कड़ा, लगभग 100 ग्राम, 04 मोबाइल फोन जब्त किया गया है। सोने का हार, अंगूठी और कान के टप्स की जब्ती नहीं हो पाई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने शेष सोना प्रयागराज में एक सोनार को बिक्री किया है। पुलिस टीम ठगी के मामले में जेवरात की जब्ती के लिए उक्त सोनार के तक पहुंची जरूर, लेकिन जेवरातों की जब्ती नहीं हो पाई है। पुलिस ने संबंधित सोनार को नोटिस जारी किया है, और अग्रिम कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करके न्यायालय में पेश किया है। मामले में अग्रिम जांच, विवेचना जारी है। नगर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अन्य आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शशिकान्त सिन्हा, साइबर सेल प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक अजीत मिश्रा, अदीप प्रताप सिंह व विनय सिंह, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, विकास सिन्हा, महिला आरक्षक सरस्वती, आरक्षक मनीष सिंह, जितेश साहू, विवेक राय, अशोक यादव, विकास मिश्रा सक्रिय रहे।

Spread the love