हिन्दू नववर्ष की बधाई देकर सुख-समृद्धि, खुशहाली की कामना

अंबिकापुर। चैत्र नवरात्र के पहले दिन देवी मंदिरों में भक्तों का सुबह से तांता लगा रहा, लोगों ने हिन्दू नववर्ष की बधाईयां एक-दूसरे को देकर सुख-समृद्धि की कामना की। भक्तों ने मंदिरों में प्रज्जवलित किए गए मनोकामना दीप का दर्शन करके श्रद्धा अर्पण किया। भक्तों को पूजा-अर्चना में किसी प्रकार की दिक्कत न हो, इसके लिए सेवादार सक्रिय रहे।
बता दें कि गुरूवार से चैत्र नवरात्र प्रारंभ हुआ है, आगामी 9 दिनों तक माता शक्ति के 9 रूपों की पूजा की जाएगी। प्रथम दिन माता शैलपुत्री की पूजा हुई। नवरात्र के मौके पर भक्तों ने घरों में भी घट व कलश की स्थापना की है। कलश स्थापना के बाद घरों में भी लगातार 9 दिनों तक विधि-विधान से माता की पूजा की जाएगी। नवरात्र के लिए शहर के सभी देवी मंदिरों में विशेष तैयारियां की गई हैं। सरगुजांचल की आराध्य मां महामाया के दरबार में भोर से ही भक्तों का तांता लगा हुआ था। लोग नवरात्र पर माता का दर्शन करके उनसे आर्शीवाद प्राप्त करने के लिए लालायित थे। अलसुबह 4 बजे मंदिर में माता का श्रृंगार किया गया, इसके बाद सुबह 5.30 बजे महामाया मां की आरती की गई। इसके बाद मंदिर का पट भक्तों के लिए खोल दिया गया। भक्तों की भारी भीड़ कतारबद्ध होकर माता के दर्शन के लिए खड़ी थी, मां के जयकारा की गूंज हो रही थी। मंदिर में भक्तों की भीड़ को देखते हुए पुलिस व प्रशासन के साथ ही मंदिर प्रबंधन ने भी व्यापक प्रबंध किए थे। मंदिर प्रांगण भक्तों से भरा हुआ था। मंदिर में मनोकामना दीप भी प्रज्जवलित किए गए हैं, जो पूरे 9 दिन तक जलेंगे। मंदिरों में लगातार इसकी देखरेख की व्यवस्था मंदिर प्रबंधन द्वारा की गई है। महामाया मंदिर के अलावा समलाया मंदिर, मां दुर्गा शक्तिपीठ गांधी चैक, संत हरकेवल मंदिर, काली मंदिर, माता शीतला मंदिर, गौरी मंदिर, मां वनेश्वरी मंदिर, श्री राम मंदिर सहित शहर के सभी देवी मंदिरों में माता की आराधना करने भक्तों की भीड़ लगी हुई थी।
भगवान श्री राम का मनेगा जन्मोत्सव
परम्परा अनुसार रामनवमी के दिन दोपहर में 12 बजे भगवान राम का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। परंपरा के अनुसार पहली पूजा सरगुजा राजपरिवार के द्वारा की जाती है। प्रतिवर्ष इस पूजा में सरगुजा महाराज टीएस सिंहदेव व उनके परिवार के सदस्य शामिल होते हैं।

Spread the love