पांचवीं अनुसूची क्षेत्र में आदिवासी अधिकारों के सुरक्षा और कार्रवाई की मांग
अंबिकापुर। भाजपा सरगुजा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के नेतृत्व में लखनपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत नरकालो और चोड़ेया के आदिवासी समाज के ग्रामीणों ने कलेक्टर सरगुजा को शिकायत पत्र सौंपा है और भोले-भाले आदिवासियों की पुश्तैनी भूमि पर बाहरी विशेष समुदाय के लोगों द्वारा अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया है ।
ग्रामीणों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे भाजपा सरगुजा अजजा मोर्चा के जिलाध्यक्ष बिंदेश्वरी लाल पैकरा ने कहा कि नरकालो व चोड़ेया के विशेष पिछड़े अनुसूचित जनजाति के लोग हैं, जो कई पीढ़ियों से अपनी पुश्तैनी भूमि पर निवास करते आ रहे हैं। उनका जीवनयापन, संस्कृति, परंपरा एवं धार्मिक आस्था पूरी तरह जल, जंगल और जमीन पर निर्भर है। यह क्षेत्र भी पांचवीं अनुसूची क्षेत्र में आता है, जहां आदिवासी भूमि की सुरक्षा हेतु विशेष संवैधानिक एवं कानूनी प्रावधान लागू है परंतु विगत कुछ वर्षों से नवादा बिहार एवं अन्य क्षेत्रों से आए हुए मुस्लिम समाज के व्यक्तियों द्वारा गांव के आदिवासी भूमि पर जबरन मकान निर्माण कर अवैध कब्जा किया गया है और बिना किसी वैधानिक अधिकार के स्थायी बसावट की जा रही है। बिन्देश्वरी लाल पैकरा ने बताया कि नरकालो निवासी बदलू पिता प्रधान का राजाकोट में लगभग एक एकड़ भूमि है, जिसे कुरैशा और हुसैन ने कब्जा करके रखा है। इसी प्रकार गिरीश पिता घुरऊ की लगभग 87 डिसमिल भूमि को नसरुद्दीन, नरकालो निवासी बसंती पति शिव कंवर की 1.5 एकड़ भूमि को जलालुद्दीन एवं नसरुद्दीन, नरकालो निवासी घूरऊ पिता दशरथ कंवर की 1.5 एकड़ भूमि को मोहमुद्दीन, ग्राम चोड़ेया निवासी शांति पिता अमरूष मझवार की लगभग 3 एकड़ भूमि को फिरदौस तथा चोड़ेया निवासी जेठू पिता काशी बारगाह की लगभग 4 एकड़ भूमि को हुसैन द्वारा बलात कब्जा कर लिया गया है ।
भाजपा सरगुजा अजजा मोर्चा के महामंत्री रविकांत उरांव ने बताया कि जब गांव के आदिवासी समाज के लोगों द्वारा इस कृत्य का विरोध किया जाता है तो इन्हें डराया धमकाया जाता है, मारपीट की धमकी दी जाती है। अशिक्षित एवं आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण अपने अधिकारों की रक्षा नहीं कर पा रहे हैं, जिसका लाभ उठाकर विशेष समुदाय के लोगों द्वारा लगातार हमारे समाज का शोषण किया जा रहा है। आगे रविकांत उरांव ने कहा कि इन अवैध कब्जों से आदिवासियों की कृषि भूमि कम होती जा रही है, आजीविका प्रभावित हो रही है। हमारी पारंपरिक संस्कृति एवं सामाजिक व्यवस्था पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है तथा गांव की जनसंख्या संरचना भी बदल रही है, जिससे भविष्य में हमारे अस्तित्व और अधिकारों पर गंभीर संकट उत्पन्न हो सकता है। भाजपा सरगुजा अजाजा मोर्चा के कार्यकर्ता और पदाधिकारियों के साथ पहुंचे पीड़ित ग्रामीणों ने अवैध कब्ज़े को तत्काल हटाने तथा दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है। इस अवसर पर भाजपा अजजा मोर्चा के उपाध्यक्ष डॉ. शिवमंगल सिंह, राजेंद्र पैकरा, तेजबल राम नागेश, जितेंद्र कुजूर, सुनील कुमार, संजय सिंह, अर्जुन मुंडा, कृष्ण कोरवा, अवधेश केरकेट्टा, उमेश किष्पोट्टा, बदलु, गिरीश, लक्ष्मण, बसन्ती, तुलासो, शांति, मंजली और जहगन राम सहित आदिवासी समाज के लोग उपस्थित थे ।

Spread the love