उपभोक्ताओं को भ्रमित करने वाले एजेंसी के जिम्मेदारों की मॉनीटरिंग क्यों नहीं..?

अंबिकापुर।  जिले में घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर सामने आ रही खबरों को प्रशासन ने महज अफवाह करार दिया है। जनसंपर्क विभाग की ओर से जारी समाचार में बताया गया है कि गैस एजेंसियों के पास सिलिंडर का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर के लिए एजेंसियों पर लंबी कतारें लगाने या परेशान होने की आवश्यकता नहीं है, वे घर बैठे डिजिटल माध्यमों से बुकिंग कर होम डिलीवरी की सुविधा प्राप्त कर सकते हैं। इधर आम उपभोक्ता रसोई गैस की प्राप्ति के लिए एजेंसियों का चक्कर काटने में लगे हैं। रसोई गैस के लिए लाइन लगने का नजारा सोमवार को भी देखने को मिला। महिला-पुरूष, घर की रसोई में बाधा की बन रही स्थिति को देखते हुए रसोई गैस के लिए मिन्नतें करते देखे गए। ऐसे में प्रशासन के द्वारा किए जाने वाले रसोई गैस की पर्याप्त उपलब्धता के दावे और मैदानी सच्चाई सवालों के घेरे में है।
बता दें कि एक समय ऐसा था, गैस एजेंसियों में बुकिंग के 24 घंटे के अंतराल में गैस सिलिंडर की घर पहुंच सुविधा का उल्लेख दीवारों पर मिलता था, जो आज भी मौजूद है। सोमवार को जब गैस सिलिंडर की पर्याप्त उपलब्धता के दावे और उपभोक्ताओं की पीड़ा को करीब से आंकने का प्रयास किया गया, तो सामने आया कि राजा गैस एजेंसी में बुकिंग के बाद 5 दिन के अंतराल में पर्ची लेने के लिए आने कहा जा रहा था, इसके बाद वे एजेंसी से गैस सिलिंडर प्राप्त कर सकते हैं। होम डिलीवरी के लिए 10 से 12 दिन समय लगने की बातें खुलेआम उपभोक्ताओं से कही जा रही थी। ऐसे भी उपभोक्ता एजेंसियों में नजर आए, जिन्होंने एक वर्ष बीतने के पूर्व 12 सिलिंडर प्राप्त कर लिया है, इन्हें नए सत्र, अप्रैल में ही गैस सिलिंडर मिलने आश्वस्त किया गया। रसोई गैस के उपभोक्ताओं की पूरा कुंडली ऑनलाइन दर्शाने के कारण ऐसे उपभोक्ताओं के चेहरे में हताशा और निराशा का भाव देखने को मिला। चौक-चौराहों में छोटी-मोटी दुकानदारी करके जीवकोपार्जन करने वाले कामर्शियल गैस सिलिंडर नहीं मिलने के कारण ऊंचे दामों में गैस सिलिंडर खरीदकर अपने कारोबार को गति दे रहे हैं। इस पर भी जब्ती का खतरा मंडरा रहा है। गैस एजेंसियों के संचालकों की बैठक लेकर उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके निर्देश प्रशासन की ओर से जरूर दिए गए हैं, लेकिन उपभोक्ता किस दौर से गुजर रहे हैं, इसके मॉनीटरिंग करने की भी जरूरत है।
बाक्स
एजेंसियों में चस्पा किए गए संदेश
शहर के एचपीसीएल, राजा गैस एजेंसी में बाहर सूचना चस्पा किया गया है कि 6 मार्च से एक महीने में एक कार्ड में केवल एक टंकी ही लिया जा सकेगा। अगले टंकी का बुकिंग, पिछले टंकी के डिलीवरी के 25 दिन के अंतराल के बाद ही किया जाएगा। इसके अलावा एक अन्य सूचना में जिन उपभोक्ताओं का बुकिंग 10 मार्च या उससे पहले का है, उन्हें ही पर्ची देने का उल्लेख है। प्रतिदिन पर्ची देने की अधिकतम सीमा 200 है, बुकिंग तिथि मैसेज से देखकर ही लाइन में खड़ा होने का उल्लेख किया गया है। इन सूचनाओं के बीच रसोई गैस का पर्ची प्राप्त करने के बाद 5 दिन में अंतराल में एजेंसी में आकर सिलिंडर प्राप्त करने के लिए कहा जा रहा है। मतलब बुकिंग और पर्ची प्राप्त करने के बाद गैस सिलिंडर लेने के लिए एजेंसी आना पड़ेगा। होम डिलीवरी अगर प्राप्त करना हो, तो 10 से 12 दिन इंतजार करने का स्पष्ट संकेत दिया जा रहा है। इस बीच गैस सिलिंडर दरवाजे तक नहीं पहुंचा तो पुन: गैस एजेंसी का रास्ता नापने की नौबत बनेगी।
बाक्स
किसी प्रकार के अफवाह या झांसे में न आएं
प्रशासन की ओर से गैस एजेंसियों के संचालकों ने भी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के अफवाह या झांसे में न आएं। जिले में घरेलू गैस की पर्याप्त उपलब्धता है। गैस एजेंसी संचालकों ने आग्रह किया कि उपभोक्ता गैस एजेंसियों में भीड़ लगाकर अपना कीमती समय बर्बाद न करें, टोल फ्री नंबर माध्यम से प्रदान की जा रही होम डिलीवरी सेवा का लाभ उठाएं। इधर एजेंसी में उपभोक्ताओं की कतार लगना समझ से परे है।
बाक्स
15 को बुकिंग, 16 को घर पहुंचा सिलिंडर
फोटो-पीआरओ 1
रसोई गैस के लिए मशक्कत के बीच प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के हितग्राही परिवार ने शासन और जिला प्रशासन की गैस सिलिंडर की होम डिलीवरी की सुगम व्यवस्था के लिए आभार व्यक्त किया है। वर्तमान में गैस कंपनियां मोबाइल टोल फ्री नंबर और व्हाट्सएप के माध्यम से सुचारू रूप से बुकिंग स्वीकार कर रही हैं, जिससे आम नागरिकों को घर बैठे ही ईंधन की आपूर्ति सुनिश्चित हो रही है। जनसंपर्क विभाग के अनुसार नगर निगम क्षेत्र के मायापुर ठनगनपारा की प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की हितग्राही संजरी खातून ने अपना अनुभव साझा करते हुए कहा है कि उन्होंने गैस सिलिंडर की बुकिंग के लिए गैस एजेंसी डिस्ट्रीब्यूटर के टोल फ्री नंबर पर मिस कॉल किया था। महज एक दिन के भीतर गैस एजेंसी द्वारा उनके घर पर गैस सिलिंडर की डिलीवरी सुनिश्चित कर दी गई। इनके पति नैमुद्दीन अंसारी का कहना है कि पिछले कुछ दिनों में सर्वर की तकनीकी समस्या के कारण बुकिंग में आंशिक बाधा आई थी, लेकिन अब यह समस्या पूरी तरह ठीक हो चुकी है। इनका कहना है, ‘हमने 15 मार्च को कंपनी के टोल फ्री नंबर पर कॉल कर बुकिंग की, जिसका तत्काल मोबाइल पर मैसेज प्राप्त हुआ और 16 मार्च को सिलिंडर घर पहुंच गया।Ó

Spread the love