अंबिकापुर। विश्व हिंदू परिषद सरगुजा के जिला कार्याध्यक्ष ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर नवागढ़ क्षेत्र के आलमबाग में समुदाय विशेष द्वारा कराए जा रहे धार्मिक स्थल के निर्माण पर रोक लगाने और ग्राम राजाकटेल में विशेष पिछड़ी जनजाति के लोगों की जमीन पर कब्जा करने वालों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की है।
कलेक्टर को संबोधित पत्र में विहिप के जिलाध्यक्ष विनीत कुमार गुप्ता ने उल्लेख किया है कि अंबिकापुर के नवागढ़ क्षेत्र अंतर्गत आलमबाग उद्यान के एक हिस्से में शासकीय भूमि पर मस्जिद का निर्माण कराया जा रहा है। तत्कालीन कलेक्टर विलास भोस्कर ने इस निर्माण को हटाने और दोषियों पर कार्रवाई करने के लिए आदेशित किया था, लेकिन आज दिनांक तक कार्रवाई नहीं हुई और निर्माण कार्य सतत् जारी है। इस पर रोक लगाने और जिम्मेदारों पर कार्रवाई करने की मांग की गई है। इसी क्रम में लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम राजाकटेल में विशेष पिछड़ी जनजाति समाज के लोगों की भूमि पर समुदाय विशेष के द्वारा किए गए कब्जा के मामले में दर्ज किए गए एफआईआर के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने की ओर ध्यानाकर्षण कराया गया है, और शासकीय भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने की मांग की गई है। ज्ञापन सौंपने के दौरान विहिप जिला अध्यक्ष के साथ अविनाश तिवारी ग्रामीण प्रखंड अध्यक्ष, सियाराम, रूपनारायण, संतोष विश्वकर्मा, विनय दास, सुरेश सोनी, मनीजर राजवाड़े, महेश सोनी सहित अन्य उपस्थित थे।

Spread the love