अंबिकापुर। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 14, नमनाकला में स्वीकृत 7.5 लाख लीटर की उच्च स्तरीय जलागार निर्माण कार्य का नगर पालिक निगम के सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी व एमआईसी सदस्यों ने भूमि पूजन करके कार्य प्रारंभ कराया। उक्त कार्य हेतु अधोसरंचना मद अंतर्गत राशि 92.74 कि स्वीकृति प्रदान की गई है। उक्त टंकी में पानी भरने हेतु राइजिंग में मेन पाइपलाइन विस्तारीकरण कार्य हेतु मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना अंतर्गत 41.23 लाख रुपये की भी स्वीकृति प्रदान की गई है। इसका कार्य आदेश जारी किया जा चुका है। इस टंकी के कार्य पूर्ण हो जाने के उपरांत निकाय के जल संकटग्रस्त वार्ड 12, 13, 14, 47 के वार्डवासी लाभान्वित होंगे एवं आवश्यकता अनुरूप पेयजल की आपूर्ति की जा सकेगी।
इस अवसर पर नगर पालिक निगम, जल प्रदाय विभाग के प्रभारी सदस्य जितेंद्र सोनी ने कहा महापौर मंजूषा भगत ने जल संकटग्रस्त वार्डों की समस्या को देखते हुए नमनाकला में नवीन उच्चस्तरीय जलागार निर्माण कार्य हेतु अवगत कराया था। विधायक एवं छत्तीसगढ़ में कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल एवं महापौर के सामूहिक प्रयास से राज्य शासन से जलागार व राइजिंग मेन पाइप लाइन के लिए बड़ी राशि की स्वीकृति प्रदान की गई है। उक्त कार्य से नमनाकला सहित पास के क्षेत्र में जल संकट की समस्या का स्थाई निदान लंबे समय के लिए हो जाएगा। वार्ड क्रमांक 14 की पार्षद एवं एमआईसी सदस्य अनीता रविंद्र गुप्त भारती ने कहा नमनाकला वार्ड में छोटी टंकी की वजह से जल की आपूर्ति सही तरीके से नहीं हो पाती थी। गर्मियों के दिनों में हाल बुरा रहता था। बढ़ती जनसंख्या एवं वार्डों के विस्तार को देखते हुए 25 सालों की आगामी योजना आने वाली पीढ़ी और जनसंख्या के दबाव और क्षेत्र के विस्तार को देखते हुए महापौर मंजूषा भगत, सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी एवं जल प्रदाय विभाग के प्रभारी सदस्य जितेंद्र सोनी, पार्षद किरण दीपक तोमर सहित अन्य पार्षदों के सार्थक पहल से छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने उच्च क्षमता की टंकी के निर्माण कार्य हेतु राशि की स्वीकृति प्रदान की है। इस अवसर पर एमआईसी सदस्य ममता तिवारी, श्वेता गुप्ता,  प्रियंका गुप्ता, पार्षद मनोज गुप्ता, किरण दीपक सिंह तोमर, अनिल तिवारी, आकाश गुप्ता, संतोष दास, अभिषेक शर्मा, अवधेश सोनकर, विकास गुप्ता, जल विभाग के प्रभारी प्रशांत खुल्लर, अभियंता सतीश रवि, विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, ठेकेदार एवं वार्डवासी उपस्थित रहे।

Spread the love