अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर उड़ान महिला समिति ने विशेष कार्यक्रम का किया आयोजन

अंबिकापुर। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उड़ान महिला समिति, अंबिकापुर द्वारा माखन विहार होटल में महिलाओं के लिए विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एसएसपी सरगुजा की धर्मपत्नी शिल्पा-राजेश अग्रवाल व विशिष्ट अतिथि एएसपी अमोलक सिंह ढिल्लो की धर्मपत्नी प्रोफेसर रसमीत कौर के अलावा जीवन ज्योति संस्थान की निर्देशक संध्या सिंह, सिटी हॉस्पिटल की संचालिका डॉ. अलका सिंह, डॉ. शारदा भगत, डॉ. स्नेहा सिंह, प्रेमलता, राखी सोनी मिसेज सरगुजा सहित अन्य महिलाएं उपस्थिति रहीं।
कार्यक्रम में संगीत, नृत्य, रैम्प वॉक, मनोरंजक खेल तथा पहेली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिससे उत्साह और आनंदमय वातावरण बन गया। महिलाओं ने खुलकर अपने विचार व्यक्त करते हुए राष्ट्र निर्माण, समाज की दिशा-दशा निर्धारण तथा महिला सशक्तिकरण में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर सकारात्मक चर्चा की। सभी महिलाओं ने  ‘पंच परिवर्तनÓ के मार्ग पर चलने का सामूहिक संकल्प भी लिया। संकल्प के अंतर्गत सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने, परिवार में संस्कार और संवाद को मजबूत करने, पर्यावरण एवं जल संरक्षण के प्रति जागरूक रहने, नागरिक शिष्टाचार का पालन करने तथा भारतीय संस्कृति, आत्मबल और स्वाभिमान के साथ समाज व राष्ट्र के उत्थान में योगदान देने का प्रण लिया गया। प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मिसेज विनर श्रेणी में खुशबू गुप्ता ने प्रथम, शिल्पा सिंह ने द्वितीय तथा रश्मि श्रीवास्तव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं मिस विनर श्रेणी में मानसी चैरसिया प्रथम, स्नेहा सिंह द्वितीय तथा सोमी ताम्रकार तृतीय स्थान पर रहीं। फूलों का गुलदस्ता आराधना मांझी ने तैयार किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में उड़ान महिला समिति की अंजुला मिश्रा, कावेरी पाल, सवि चंद्रा, संध्या सिंह, गीता पैकरा सहित अन्य सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही। बड़ी संख्या में महिलाओं ने आयोजन में भाग लेकर इसे प्रेरणादायी और यादगार बना दिया। सभी ने एक स्वर में  ‘भारत माता की जयÓ के उद्घोष के साथ समरस, संस्कारित, स्वच्छ और सशक्त भारत के निर्माण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया।  

Spread the love