दिशा समिति की बैठक संपन्न, विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन पर हुई चर्चा

अंबिकापुर। सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज की अध्यक्षता में बुधवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, महापौर मंजूषा भगत, कलेक्टर अजीत वसंत, डीएफओ अभिषेक जोगावत, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार अग्रवाल, जनप्रतिनिधि सहित समिति के सदस्य एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
सांसद ने कहा कि शासन की योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन हो, सभी लक्ष्य समय सीमा में पूर्ण कर लिए जाएं। जिले के दूरस्थ अंचल तक लोगों को योजनाओं का लाभ मिले। क्षेत्र के विकास के लिए जनप्रतिनिधियों की भी भागीदार जरूरी है। जनप्रतिनिधि दौरे के दौरान योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुचाएं। जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य कर पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। बैठक में प्रधानमंत्री जनमन योजनांतर्गत कार्यों की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा सरगुजा जिला आदिवासी बाहुल्य जिला है, पीवीटीजी समुदाय को शासन की योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिलाना हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को गम्भीरता के साथ पात्रों को लाभान्वित करने निर्देशित किया और जिले में निर्माणाधीन सड़कों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। जिले में आयुष्मान कार्ड निर्माण के सम्बन्ध में जानकारी ली और प्राइवेट अस्पतालों में लोगों को आयुष्मान कार्ड का लाभ दिलाना सुनिश्चित करने निर्देशित किया।

Spread the love