पुलिस रिमांड में कई लोगों की संलिप्तता सहित कई तथ्य सामने आए, जांच जारी

अंबिकापुर। अवैध सट्टा पैनल का सरगना आयुष उर्फ दीप सिन्हा के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई निरन्तर जारी है। आरोपी से पूछताछ में कई नाम सामने आए हैं, जो सट्टा के कारोबार में महति भूमिका निभा रहे थे। पुलिस ने सट्टा किंग के व्यूह को तोड़कर कई तथ्य जुटाए हैं और अग्रिम जांच कार्रवाई कर रही है। आरोपी की कुछ जगहों पर संपत्ति होने की भी पुष्टि हुई है, जिसकी पुष्टि के लिए राजस्व विभाग से पत्राचार किया जा रहा है। आरोपी द्वारा अवैध आय से अर्जित अन्य संपत्तियों की जानकारी लेकर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि सट्टा खिलवाने का कुख्यात आरोपी आयुष सिन्हा उर्फ दीप सिन्हा  पिछले लगभग एक साल से फरार चल रहा था। न्यायालय द्वारा आरोपी के उपस्थिति हेतु उद्घोषणा भी जारी की गई थी। इसके पश्चात भी आरोपी लगातार प्रकरण में फरार रहा। पुलिस टीम फरार आरोपी को लगातार तलाश रही थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए नगर पुलिस अधीक्षक अंबिकापुर राहुल बंसल के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया था। गठित टीम द्वारा फरार आरोपी के संबंध में लगातार जानकारी प्राप्त की जा रही थी। इस दौरान पता चला कि आयुष उ$र्फ दीप सिन्हा पिता स्व. त्रिभुवन प्रसाद सिन्हा 32 वर्ष निवासी नेहरू वार्ड शिव मंदिर के पास, पुणे महाराष्ट्र में छिपा है, इसे यहां से नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में गठित टीम ने गिरफ्तार किया था। आरोपी को न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर थाना कोतवाली अंबिकापुर लेकर आया गया, अवैध सट्टा संचालन के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपी ने पैनल चलवा कर सट्टा खिलवाना स्वीकार किया। आरोपी अपने परिचय एवं अन्य कई लोगों के खाते खुलवाकर उनको सट्टे के उपयोग में लेना भी स्वीकारा है। पूछताछ में आरोपी ने अपने अन्य साथी सुधीर गुप्ता, राहुल अग्रवाल, सोम गुप्ता, अम्मी गिरी, सौरभ यादव, साहिल गुप्ता, अमन करारिया, श्रीकांत अग्रवाल, राहुल कुमार सोनी, अर्जुन गुप्ता, ऋतिक मंदिलवार, नितिन यादव, अमित कुमार मिश्रा, ध्रुविल पटेल, मुकेश त्रिपाठी, सौरभ गुप्ता, अंकित गुप्ता, प्रतीक कश्यप, सत्यम केशरी, सूरज खटिक की संलिप्तता भी स्वीकार की है। दो दिन के पुलिस रिमांड दौरान की गई सघन पूछताछ में सर्च वारंट प्राप्त कर आरोपी के घर व ठिकानों की तलाशी ली गई। आरोपी के स्वजन मौके पर नहीं मिले, ऐसे में घर का ताला तोड़ कर पुलिस ने नकद रकम 6 लाख 45 हजार रुपये, सोने चांदी के आभूषणों में कान का टप्स 02 नग, नाक का नथिया 01 नग, अंगूठी 01 नग, 19 जोड़ी बिछिया, 01 जोड़ी कड़ा, 02 जोड़ी पायल, जमीन संबंधी दस्तावेज, 07 एटीएम, 01 पासबुक बरामद किया है।

Spread the love