अंबिकापुर। विश्वासघात करके कोल्ड स्टोरेज में आग लगाने वाले आरोपी को मणिपुर थाना पुलिस ने रायगढ़ से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी कोल्ड स्टोर का मैनेजर रहते हुए मौके पर आग लगाकर फरार हो गया था। आरोपी पूर्व में मालिक का बिना जानकारी दिए कोल्ड स्टोरेज में रखे महुआ को बिक्री कर दिया था और हिसाब देने से बचने के लिए जान-बूझकर बचे हुए माल में आग लगा दिया था।
बिलासपुर चौक निवासी कोल्ड स्टोर के स्वामी जयशंकर साहू ने मणीपुर थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि उनका बिलासपुर रोड सांडबार बेरियर के पास श्याम कोल्ड स्टोर है, जहां धान और महुआ रखा जाता है। इसके देखरेख व मैनेजर का काम तीन वर्ष से पत्थलगांव निवासी टिकेश्वर यादव उर्फ बिर यादव करता था। पूरे कोल्ड स्टोर की जिम्मेदारी उसके ऊपर थी, सुबह-शाम आकर वे टिकेश्वर यादव से जानकारी लेते थे। 10.11.25 को कोल्ड स्टोर के ऑफिस में बैठे थे, उसी दौरान टिकेश्वर यादव से कोल्ड स्टोरेज में शेष महुआ के संबंध में पूछताछ करने पर उसने गोदाम में 356 बोरी महुआ शेष होने की जानकारी दिया। इस बीच एक व्यापारी महुआ लेने के लिए लेबर बुलाया था। इनके आने पर मैनेजर टिकेश्वर यादव दोनों लेबर को अंदर लेकर गया और ऊपरी तल से माल चेक करके आने की बात कहकर अकेले गया। वापस आने के बाद दोनों लेबर को ऊपर जाकर देखने के लिए कहा। दोनों लेबर ऊपर गए तो महुआ डंप की जगह पर आग लगा हुआ था। इसके बाद दोनों लेबर नीचे वापस आए तो टिकेश्वर यादव धान रखने की जगह पर रखे बोरा में आग लगा रहा था। लेबर जब मैनेजर से पूछे कि क्या कर रहे हो, तो वह आग लगा है, मालिक को बता रहा हूं कहते हुए बाहर निकल कर अपने कार क्रमांक सीजी 07 सीडी 3407 में बैठकर चले गया, जो अपने साथ एक ट्राली बैग रखा था। टिकेश्वर यादव से जब कोल्ड स्टोर के मालिक ने पूछा कहां जा रहे हो, तो बोला आग लगा है फायर स्टेशन को सूचित करने जा रहा हंू। कैसे आग लगा पूछने पर नहीं जानता हूं बोला। इसके बाद लेबरों ने जानकारी दी कि स्टोर में टिकेश्वर आग लगाकर भाग गया है। टिकेश्वर यादव को फोन लगाने पर उसका मोबाइल स्विच ऑफ बताने लगा। मैनेजर टिकेश्वर यादव द्वारा 356 बोरी महुआ पूर्व में ही किसी को बेच दिया था और हिसाब देने से बचने के लिए गोदाम में आग लगा दिया, ताकि आग में जल कर नष्ट होना बताया जा सके। आगजनी से कोल्ड स्टोर संचालक को करीब 60 हजार रुपये का नुकसान हुआ था। मामले में पुलिस ने धारा 326(जी), 316(3) बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया था। पुलिस टीम आरोपी टिकेश्वर यादव के तलाश में लगी थी। इस दौरान पता चला कि टिकेश्वर यादव अपने घर सिन्धुमार्ग सिसिरिंगा में है। इसके बाद पुलिस ने टिकेश्वर यादव उर्फ बीर पिता रेवानंद यादव 24 वर्ष को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में वह बताया कि 356 बोरी महुआ को कभी 02 बोरी, कभी 05 बोरी करके आसपास के गांव वालों को फुटकर मे बेच देता था। बेचे हुए महुआ का हिसाब देने से बचने के लिए वह आग लगाकर भाग गया था। महुआ बिक्री से मिले पैसा को वह खाने-पीने में खर्च कर दिया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करके न्यायालय के समक्ष पेश किया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी मणीपुर उप निरीक्षक सी.पी. तिवारी, सहायक उप निरीक्षक अनिल पाण्डेय व शौकीलाल राज, आरक्षक सतेंद्र दुबे, उमाशंकर साहू, अनिल सिंह, रमाशंकर यादव सक्रिय रहे।  

Spread the love