सीजी पीएससी के अंतिम परिणाम में दोनों को एसटी कटेगरी में मिला पहला, दूसरा स्थान
सरगुजा के ही प्रसून गुप्ता को मिला 36वां रैंक, बन सकते हैं डीएसपी  

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने राज्य सेवा परीक्षा 2024 का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है। इसके साथ ही आयोग ने उन अभ्यर्थियों की मेरिट सूची भी सार्वजनिक कर दी है, जिन्होंने अंतिम चरण तक पहुंचकर सफलता हासिल की। आयोग की ऑफिशियल वेबसाइट पर जारी दस्तावेज में साक्षात्कार में शामिल 643 उम्मीदवारों की रैंकिंग, नाम, श्रेणी, लिखित परीक्षा एवं साक्षात्कार में प्राप्त अंक तथा पसंदीदा पद की जानकारी उपलब्ध कराई गई है। टॉप 10 की सूची पर नजर डालें तो पुरुष अभ्यर्थियों की संख्या 8 और महिला उम्मीदवारों की संख्या दो है। पिछले दो वर्षों में महिला उम्मीदवारों का प्रदर्शन मजबूत रहा। इस सूची में सरगुजा जिला के सीतापुर क्षेत्र से तीन अभ्यर्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया, इनमें से दो डिप्टी कलेक्टर और एक डीएसपी बनेंगे। कठिन मेहनत की बदौलत मिली सफलता से इनके पूरे परिवार में हर्ष का माहौल है, और सुबह से ही बधाई देने का तांता लगा हुआ है।
सीजीपीएससी का परिणाम 20 नवम्बर की रात को जारी कर दिया गया है, जिसमें सरगुजा जिले में सीतापुर ब्लॉक के काराबेल की सब्जी बेचने वाले किसान रघुवर पैकरा व मां कुंतिला पैकरा की बेटी चंचल पैकरा ने सीजीपीएससी 2024 में अनुसूचित जनजाति वर्ग में टॉप, पहला स्थान प्राप्त किया है। वहीं सरगुजा के मंयक मंडावी ने एसटी कटेगरी में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। दोनों के रैंक के हिसाब से उन्हें डिप्टी कलेक्टर पद मिलेगा। चंचल पैकरा ने पहली बार पीएससी मेन्स की परीक्षा दी थी। इनके माता-पिता किसान हैं और सब्जी भी बेचते हंै। बताया जा रहा बेटी की पढ़ाई के लिए किसान ने अपनी जमीन तक बेच दी है। बीई सिविल चंचल पैकरा का ओव्हर ऑल रैंक 204 है। चंचल इसके पहले एक बार पीएससी प्री की परीक्षा दी थी। सफल नहीं होने पर कोचिंग की और प्री के बाद मेन्स निकाला। मयंक वर्तमान में जीएसटी इंस्पेक्टर के पद पर पदस्थ हैं।
चंचल शुरू से रही मेधावी, 10वीं-12वीं में टॉपर
चंचल पैकरा की प्राथमिक शिक्षा काराबेल के सरकारी प्राथमिक शाला में हुई। इसके बाद उसका चयन एकलव्य विद्यालय सरना के लिए हुआ। 10वीं एवं 12वीं की परीक्षा चंचल ने प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की। दोनों ही कक्षाओं में वे स्कूल में टॉपर रहीं। चंचल ने जगदलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज से सिविल ब्रांच से इंजीनियरिंग करके वर्ष 2021-22 में बीई किया, इसके बाद पीएससी की तैयारी में जुट गई। पहली बार सीजी पीएससी की प्री परीक्षा दी लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। पिता ने बेटी को हताश नहीं होने दिया और कुछ जमीन बेचकर कोचिंग के लिए बिलासपुर भेज दिया। बेटी ने भी पिता के इस प्रयास को विफल नहीं होने दिया और सीजी पीएससी 2024 की परीक्षा में प्री के साथ मेन्स क्लियर करके साक्षात्कार तक का सफर पहली बार तय किया, वे डिप्टी कलेक्टर बनेंगी। इनकी छोटी बहन वर्तमान में अंबिकापुर कॉलेज से बीएससी कर रही हैं, वहीं छोटा भाई एकलव्य विद्यालय घंघरी में कक्षा 11वीं का छात्र है।
जीएसटी इंस्पेक्टर मयंक अब बनेंगे डिप्टी कलेक्टर
सीजी पीएससी 2024 में सरगुजा जिले के सीतापुर निवासी मयंक मंडावी को एसटी कटेगरी में दूसरा रैंक मिला है, वे भी डिप्टी कलेक्टर बनेंगे। मयंक सीतापुर के कटनईपारा निवासी वन विभाग के कर्मचारी रमेश सिंह मंडावी के पुत्र हैं, इनकी मां देवमती सिंह हाउस वाइफ हैं। मयंक मंडावी को ओव्हर ऑल कैटेगरी में 210वां स्थान प्राप्त हुआ है। इसके पहले भी वे सीजीपीएससी क्लीयर कर चुके हैं। शुरू से ही मेधावी रहे मयंक वर्तमान में जीएसटी इंस्पेक्टर के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे। उन्होंने पुन: सीजीपीएससी 2024 की परीक्षा दी और एसटी कटेगरी में दूसरा स्थान हासिल किया। इनकी सफलता से पूरा परिवार हर्षित है।
सीतापुर के प्रसून गुप्ता को मिला 36 वां रैंक
सीजी पीएससी 2024 में सीतापुर क्षेत्र के ही प्रसून गुप्ता ने 36वां रैंक हासिल किया है, वे डीएसपी बन सकते हैं। इनके पिता सुखसागर गुप्ता सेवानिवृत प्रधान पाठक और मां मंजू लता गुप्ता शिक्षिका हैं। इनके बड़े भाई नीरज गुप्ता भी शिक्षक हैं। कठिन मेहनत की बदौलत इन्होंने इस मुकाम तक का सफर तय किया है, जिससे परिवार में खुशी का माहौल है।  
टॉप टेन अभ्यर्थियों में ये हैं शामिल
बता दें कि राज्य सेवा परीक्षा के लिए आयोग ने नवंबर 2024 में 246 पदों के लिए विज्ञापन जारी किया था। इनमें डिप्टी कलेक्टर, तहसीलदार, जिला रोजगार अधिकारी, पुलिस सेवा और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के पद शामिल रहे। परीक्षा का प्रारंभिक चरण फरवरी माह में संपन्न हुआ था, इसके बाद मुख्य परीक्षा 26 से 29 जून के बीच हुई। मुख्य परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों में 643 को साक्षात्कार हेतु बुलाया गया था, इसके बाद अंतिम चयन सूची जारी की गई है। इसमें टॉप टेन में प्रथम देवेश प्रसाद साहू ने 773 अंक, द्वितीय स्वप्निल वर्मा ने 769.5 अंक, तृतीय यशवंत कुमार देवांगन ने 769 अंक, चतुर्थ स्थान प्राप्त पोलेश्वर साहू ने 767 अंक, पंचम पारस शर्मा ने 758 अंक व छठवें स्थान पर रहीं शताक्षी पाण्डेय ने 756.5 अंक हासिल किया है। अंकुश बनर्जी, सृष्टि गुप्ता, प्रशांत वर्मा और सागर वर्मा ने भी टॉप टेन में अपनी जगह बनाई है।

Spread the love