भटगांव। सूरजपुर जिले में अवैध धान के भंडारण और परिवहन के मामले में जिला प्रशासन सख्त है। कलेक्टर एस. जयवर्धन के निर्देश पर मंगलवार को भैयाथान तहसील के ग्राम सिरसी में राजस्व और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 250 बोरा अवैध धान जब्त किया है। जब्त किए गए धान की मात्रा लगभग 100 क्विंटल बताई जा रही है। कार्रवाई भैयाथान तहसीलदार शिवनारायण राठिया के नेतृत्व में की गई।
जानकारी के अनुसार टीम ने रवि शंकर गुप्ता के गोदाम में दबिश दी, यहां बिना किसी वैध दस्तावेज के भारी मात्रा में धान रखा गया था। तहसीलदार राठिया ने मौके पर जांच के बाद धान को जब्त कर अग्रिम कार्रवाई के निर्देश दिए। कलेक्टर एस. जयवर्धन ने सभी राजस्व अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी स्थिति में अवैध धान की खरीद-फरोख्त या भंडारण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ राजस्व और आपराधिक दोनों स्तरों पर कार्रवाई की जाएगी। किसानों को उनकी उपज का उचित समर्थन मूल्य मिले और बिचौलियों या अवैध व्यापारियों द्वारा किसी भी प्रकार की धांधली न हो, इसे देखते हुए प्रशासन ने जिले के सभी खरीदी केंद्रों, गोदामों और सीमावर्ती क्षेत्रों में टीमों को सतर्क और सक्रिय रहने कहा है।
भैयाथान क्षेत्र में बढ़ाई गई निगरानी
तहसीलदार शिवनारायण राठिया ने बताया कि आगामी दिनों में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति अवैध रूप से धान का भंडारण या परिवहन करते पाया गया तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध धान के कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। किसानों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे किसानों के हित में उठाया गया सराहनीय कदम बताया।

Spread the love