बसकर मोड़ बना ब्लैक स्पॉट, हर साल दोहराई जा रही त्रासदी

भैयाथान। स्टेट हाइवे-12 के पटना-भैयाथान मार्ग, ग्राम बसकर में बना 90 डिग्री का तेज मोड़ अब जानलेवा ब्लैक स्पॉट बन चुका है। दृश्य बाधित होने और सड़क सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण यहां लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। पिछले 10 वर्षों में इस मोड़ पर 60 से अधिक सड़क हादसे हो चुके हैं, फिर भी जिम्मेदार विभाग ने अब तक कोई ठोस सुधारात्मक कदम नहीं उठाया है।
सोमवार को भी एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ और रेलिंग से टकरा गई। वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि चालक को मामूली चोटें आईं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सौभाग्य से बड़ा हादसा टल गया, लेकिन स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है। सरपंच सुरेश सिंह ने बताया कि मोड़ पर न तो स्पीड लिमिट का संकेतक बोर्ड है, न चेतावनी साइन, न रात में पर्याप्त रोशनी। यहां तक कि सड़क चौड़ीकरण का काम भी नहीं हुआ है, जिससे जोखिम और बढ़ गया है। वहीं भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील साहू ने कहा कि सड़क विभाग और प्रशासन से इस ब्लैक स्पॉट पर स्पीड ब्रेकर, ग्लो साइन बोर्ड, डेंजर मार्किंग और सुरक्षा रेलिंग सुधार की तत्काल मांग की गई है, ताकि भविष्य में जनहानि को रोका जा सके।

Spread the love