सड़क निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण करने के दिए निर्देश
अंबिकापुर। पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल ने मंगलवार को सरगुजा प्रवास के दौरान शहर में चल रहे विभिन्न निर्माण और विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अपने दौरे की शुरुआत स्वच्छता चेतना पार्क से की, जहां उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति को देखा और अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण काम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पर्यटन मंत्री मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर पहुंचकर वहां चल रहे सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किए। उन्होंने आवश्यक सुधार और कार्य की गति बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि अस्पताल आने वाले मरीजों और परिजनों को निर्बाध आवाजाही की सुविधा मिलनी चाहिए। साथ ही उन्होंने नगर निगम के निर्माणाधीन भवन का अवलोकन किया। स्थल पर मौजूद इंजीनियरों एवं अधिकारियों को निर्देशित किया कि भवन निर्माण कार्य को तय समय-सीमा में पूर्ण किया जाए ताकि नगर निगम की प्रशासनिक कार्यप्रणाली को सुगम बनाया जा सके। पर्यटन मंत्री ने नेहरू वार्ड क्रमांक 25 सत्तीपारा में चल रहे सड़क निर्माण का कार्य जायजा  लिया। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि नगर के सभी वार्डों की सड़कों को गुणवत्तापूर्ण डामरीकरण समय-सीमा में पूर्ण करेंा। उन्होंने अधिकारियों को शहर की सकरी गलियों का सर्वे करने और वहां भी डामरीकरण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा हो और शहर के अंदरूनी मार्ग भी सुगम हो सके। इस दौरान नगर निगम कमिश्नर डी.एन. कश्यप सहित निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Spread the love