उदयपुर। लखनपुर थाना अंतर्गत अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे 130 स्थित नवापारा अमगसी मोड् के पास 6 नवंबर, गुरुवार की शाम लगभग 6 बजे खड़ी ट्रक के पीछे बाइक सवार टकरा गया था, जिसमें बाइक सवार एक ग्रामीण की मौत हो गई थी। पुलिस ने मृतक के शव को लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के मर्च्युरी में रखवाया था और शिनाख्त में जुटी थी। मृतक की शिनाख्त नंदलाल पैकरा ग्राम कुंवरपुर निवासी के रूप में हुई। मृतक की पहचान होने उपरांत लखनपुर पुलिस ने तीसरे दिन शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सुपुर्द किया है।
परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने ट्रक चालक जसवीर सिंह के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। मृतक नंदलाल पैकरा 5 नवंबर को अपने गृह ग्राम कुंवरपुर से डांडगांव पंडरीडांड थाना उदयपुर में रहने वाले रिश्तेदार के यहां चंदनपान कार्यक्रम में गया था। 6 नवंबर, गुरुवार की शाम को लगभग 6 बजे वह अपने मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 04 सीसी 1666 में गृह ग्राम कुंवरपुर आ रहा था, इसी दौरान नवापारा अमगसी मोड़ के पास ट्रक क्रमांक सीजी 04 जेसी 8418 के पीछे टकरा गया। गंभीर चोट लगने से मौके पर ही बाइक सवार नंदलाल पैकरा की मौत हो गई थी। चालक के द्वारा सड़क किनारे खतरनाक ढंग से बिना किसी सुरक्षा चिन्ह एवं इंडिकेटर जलाए ट्रक को खड़ा किया गया था। लखनपुर पुलिस ने ट्रक चालक जसवीर सिंह के खिलाफ धारा 285, 106(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है।  

Spread the love