दीवार में सेंध लगाकर घुसा एक चोर, दो पि_ू बैग में मोबाइल सहेज रहे थे

अंबिकापुर। कोतवाली थाना से चंद दूरी पर स्थित गोलू मोबाइल में सेंध लगाकर चोरों ने बड़ी घटना को अंजाम देते हुए लगभग 25 लाख रुपये का मोबाइल चोरी कर लिया। शहर के सबसे व्यस्त क्षेत्र में हुई वारदात से शहर के लोग सकते में हैं। इसके एक दिन पहले ब्रम्ह रोड में पुराने वाहनों के शो रूम का ताला तोड़कर दोपहिया वाहन व नकद रकम चोरी का मामला प्रकाश में आया था। इसकी आंच ठंडी नहीं हुई थी, पुन: चोरी की बड़ी वारदात पुलिस के लिए चुनौती बन गई, और पुलिस के सुस्त रवैये की चर्चा शहर में होने लगी। दुकान में सामने का ताला पूर्ववत बंद रहने के कारण लोग चोरी की वारदात से अनजान थे। इसकी भनक गुरुवार को सुबह उस वक्त लगी जब दुकान संचालक रोज की तरह दुकान पहुंचा। शटर खोलने के बाद अंदर रैक में रखे कीमती आई फोन सहित अन्य मोबाइल फोन गायब देखकर उनके होश उड़ गए। इसकी सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस व साइबर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, और जांच कार्रवाई में जुट गई है। शहर के बीच हुई चोरी की बड़ी घटना की सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंचे, और जांच टीम को आवश्यक दिशानिर्देश दिए। चोरों ने मोबाइल के खाली पैकेटों और कुछ सामान्य मोबाइलों को दुकान के पीछे फेंक दिया था। घटना उस समय की है, जब लोग अपने घरों से मार्निंग वॉक के लिए निकलते हैं, ऐसे समय में चोरों के द्वारा वारदात को अंजाम देने से शहर में ध्वस्त पुलिसिंग की चर्चा हो रही है।
जानकारी के मुताबिक शहर के गुदरी बाजार से लगे शिवाजी चौक में बौरीपारा निवासी विक्रांत व गोलू जायसवाल का गोलू मोबाइल नामक दुकान है। बुधवार को रोजाना की भांति दुकान बंद करके वे घर चले गए थे। शिवाजी चौक में गोलू मोबाइल दुकान के पीछे खाली जमीन में घनी झाड़ियों से लगे रहने के रहवासी इलाके के इस हिस्सा में आसानी से आम लोगों की नजर नहीं पड़ती है। चोर इसी तरफ से दीवार में सुराख बनाकर अंदर प्रवेश किए। संचालक सुबह दुकान के सामने का शटर खोलकर अंदर प्रवेश किया तो पूरा सामान बिखरा हुआ था। दुकान के काउंटर के पास रैक में रखे गए अधिकांश कीमती मोबाइल गायब थे। इसकी जानकारी वे बनारस गए भाई सहित स्वजन को दिया और कोतवाली पुलिस को घटना से अवगत कराया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी शिशिरकांत सिन्हा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किए। जांच के दौरान उन्होंने पाया कि दुकान के पीछे की दीवार में सुराख बनाकर चोर अंदर प्रवेश किए और कीमती मोबाइल फोन को सहेजकर दीवार में बने सुराख से बाहर निकालते गया। इससे संभावना बनी थी कि चोरों की संख्या एक से अधिक होगी। कुछ मोबाइल फोन चोरों ने बाहर ही छोड़ दिया था। काफी संख्या में मोबाइलों के खाली पैकेट भी बिखरे पड़े थे। चोरों का सुराग लगाने के लिए पुलिस ने स्निफर डॉग की मदद ली, जो परिडा नर्सिंग होम की ओर जाने के बाद रूक गया। घटना से गुदरी आसपास के व्यापारी अपने प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर संशय में हैं।

Spread the love