न्यायालय भवन के विवादित स्थानांतरण के विरोध में निकली जनजागरूकता रैली

अंबिकापुर। जिला अधिवक्ता संघ, सरगुजा ने नवीन न्यायालय भवन के विवादित स्थानांतरण के विरोध में विशाल जनजागरूकता रैली का आयोजन किया। रैली का शुभारंभ प्रात: 12 बजे जिला न्यायालय परिसर, अंबिकापुर से संघ की संघर्ष समिति के संयोजक संतोष सिंह के नेतृत्व में किया गया। रैली महामाया चौक, सदर रोड, अग्रसेन चौक, पुराना बस स्टैंड, ब्रह्म रोड एवं संगम चौक होते हुए गांधी स्टेडियम तक निकाली गई। अधिवक्ताओं ने रास्ते में नागरिकों से संवाद करते हुए बताया कि न्यायालय भवन का स्थानांतरण केवल भवन का नहीं, बल्कि न्याय की पहुंच का स्थानांतरण है, जिससे वादकारियों, अधिवक्ताओं एवं आमजनों को अत्यधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। रैली उपरांत न्यायालय मुख्य द्वार पर आयोजित आम सभा में अधिवक्ताओं के जोशीले और ओजस्वी वक्तव्यों ने माहौल को ऊर्जावान बना दिया। सभा की अध्यक्षता अनिल सोनी ने की।
आम सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि न्यायालय केवल ईंट-पत्थर का भवन नहीं, बल्कि न्याय व्यवस्था की आत्मा है। इसे जनता से दूर करना, न्याय को दूर करना है। हम वकील हैं, न्याय के प्रहरी हैं, जब न्याय की सुविधा पर आंच आती है, तो हमारा मौन भी अन्याय बन जाता है। न्यायालय जनता के बीच होना चाहिए, न कि जनता से मीलों दूर। यह लड़ाई केवल अधिवक्ताओं की नहीं, बल्कि हर आम नागरिक की है। हमारा संघर्ष किसी व्यक्ति या संस्था के विरुद्ध नहीं, बल्कि न्याय व्यवस्था की सुलभता और गरिमा के संरक्षण के लिए है। रैली जनता की आवाज बन चुकी है। यह आंदोलन न्यायालय की गरिमा और जनता के अधिकारों की रक्षा का प्रतीक है। सभा में नगर निगम अंबिकापुर के एम.आई.सी. सदस्य मनीष सिंह ने भी नगर निगम की ओर से अधिवक्ताओं की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि नगर निगम सदैव जनता और न्याय व्यवस्था के साथ खड़ा है। आम आदमी पार्टी के छत्तीसगढ़ प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र बहादुर सिंह ने अधिवक्ताओं की मांगों पर पार्टी की ओर से समर्थन दिया। कार्यक्रम का समापन संघ के सचिव सम्पूर्णांक गुप्ता द्वारा आभार प्रदर्शन के साथ किया गया। रैली एवं आम सभा लोकतांत्रिक, शांतिपूर्ण और शालीन वातावरण में संपन्न हुई। रैली एवं सभा में संघर्ष समिति के सदस्य संजय अम्बष्ट, जनार्दन त्रिपाठी, अली अख्तर रिजवी, अधिवक्ता संघ की उपाध्यक्ष सरिता पाण्डेय, नितेश चंद्र शुक्ल, सचिव सम्पूर्णान्क गुप्ता, सह सचिव चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष दिलीप गुप्ता, ग्रंथालय प्रभारी अनिल सिन्हा, क्रीड़ा सचिव रोहित तिवारी, कार्यकारिणी सदस्य गजेंद्र सिंह, प्रमोद तिवारी, उमंग दुबे, नचिकेता जायसवाल,  राजीव सिन्हा, धनंजय मिश्रा, हेमंत तिवारी, अशोक सिंह, श्याम नारायण पाण्डेय, विजय तिवारी, नीरज वर्मा, धर्मेंद्र नायडू, संदीप तिवारी, दुर्गा शरण सिंह चौहान, वेद प्रकाश सिन्हा, कौशल किशोर दुबे, पंकज गुप्ता, पवन पाण्डेय, अश्विनी पाण्डेय, दिवाकर गुप्ता, दशरथ गुप्ता, सलमा रिजवी, चंद्रेश नंदन झा, आशा तिवारी, रेखा सोनी, अमरेंद्र गुप्ता, अशोक ठाकुर, प्रकाशमणि त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।
आज से कार्य से विरत रहेंगे अधिवक्ता
अधिवक्ता संघ की संघर्ष समिति के द्वारा घोषणा की गई है कि 7 नवंबर से जिला अधिवक्ता संघ से पंजीकृत समस्त अधिवक्ता अनिश्चितकाल के लिए कार्य से विरत रहेंगे। ऐसे में न्यायालयीन कार्य से आने वाले पक्षकारों को कब तक दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा, कहना मुश्किल है।

Spread the love