अंबिकापुर। संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय में नव प्रवेशित स्नातक प्रथम सेमेस्टर के एनरोलमेंट की अंतिम तिथि 07.11.2025 नजदीक आने के साथ ही छात्रों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया है। आवश्यक दस्तावेजों में तकनीकी और व्यक्तिगत त्रुटियों के कारण हजारों मेधावी छात्र अपना एनरोलमेंट फॉर्म जमा नहीं कर पा रहे हैं।
इस गंभीर शैक्षणिक संकट को देखते हुए, आजाद सेवा संघ छत्तीसगढ़ के प्रदेश सचिव रचित मिश्रा ने विश्वविद्यालय के कुलसचिव को पत्र लिखकर छात्रहित में एनरोलमेंट फॉर्म भरने की अंतिम तिथि को तत्काल प्रभाव से कम से कम 7 दिनों के लिए विस्तारित करने की मांग की है। रचित मिश्रा ने अपने पत्र में उन वास्तविक एवं गंभीर कारणों को विस्तार से रेखांकित किया, जिनके चलते छात्र फॉर्म भरने से वंचित हो रहे हैं। नई शिक्षा नीति के तहत अनिवार्य किए गए एकेडमिक बैंक आफ क्रेडिट (एबीसी) के निर्माण में छात्रों को गंभीर तकनीकी त्रुटियों का सामना करना पड़ रहा है। अक्सर नाम, जन्मतिथि या लिंग जैसे विवरण आधार कार्ड से मेल नहीं खाने के कारण एबीसी आईडी जनरेट नहीं हो पा रहा है। छात्रों को अपना आधार कार्ड विवरण सुधारने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। आधार केंद्र में इन त्रुटियों को ठीक कराने में 5 से 7 दिवस का समय लग रहा है। रचित मिश्रा ने बताया विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र दोहरी मार झेल रहे हैं। इन इलाकों में चॉइस केंद्र, सीएससी की संख्या सीमित है, जिससे त्रुटि सुधार का कार्य अत्यधिक धीमी गति से हो रहा है। छात्रों को कई किलोमीटर की यात्रा करनी पड़ रही है। उन्होंने कुल सचिव को चेताया कि यह केवल एक तकनीकी समस्या नहीं, बल्कि हजारों छात्रों के शैक्षणिक भविष्य का सवाल है। विश्वविद्यालय प्रशासन से मानवीय दृष्टिकोण अपनाने और तत्काल प्रभाव से तिथि विस्तार का आदेश जारी करने की अपील की है, ताकि सभी छात्र बिना किसी मानसिक तनाव के अपना एनरोलमेंट सुनिश्चित कर सकें।

Spread the love