छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगी सरगुजा की सरिता, अल्का, सुमन और नूर फातिमा

अंबिकापुर। 10वीं राष्ट्रीय सीनियर गतका प्रतियोगिता का आयोजन 29 सितंबर से 01 अक्टूबर 2026 तक श्रीनगर, जम्मू एवं कश्मीर में किया जाएगा। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में द गतका एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ की टीम से छत्तीसगढ़ प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने के लिए द गतका एसोसिएशन ऑफ सरगुजा की चार खिलाड़ियों का चयन हुआ है।
चयनित खिलाड़ियों में अंडर-19 वर्ग में सरिता यादव एवं अल्का सोनी तथा अंडर-25 वर्ग में सुमन एवं नूर फातिमा शामिल हैं। चारों खिलाड़ी जम्मू-कश्मीर में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए सरगुजा जिले और छत्तीसगढ़ का परचम लहराने के लिए रवाना होंगी। राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि सरगुजा जिले में गतका खेल को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जिले के विभिन्न क्षेत्रों और ग्रामीण अंचलों में गतका के प्रति खिलाड़ियों की रुचि बढ़ रही है और नियमित प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिताओं के माध्यम से नई प्रतिभाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय गतका प्रतियोगिता में सरगुजा जिले के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसी के आधार पर सरगुजा जिले की चार बालिकाओं का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए हुआ है। इन खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचना सरगुजा में गतका खेल के विस्तार और खिलाड़ियों की मेहनत का परिणाम है। आने वाले समय में जिले से और अधिक प्रतिभावान खिलाड़ियों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए प्रशिक्षण गतिविधियों को और मजबूत किया जाएगा। द गतका एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ के सह सचिव एवं सरगुजा कोऑर्डिनेटर रजत सिंह ने बताया कि सरगुजा जिले की चार खिलाड़ियों का राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन होना जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। चयनित चारों खिलाड़ियों ने पूर्व में भी विभिन्न जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में पदक हासिल कर सरगुजा का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए आगे खेलो इंडिया व नेशनल गेम्स, मेघालय में चयन का अवसर बन सकता है। सरगुजा की प्रतिभाओं को प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने के लिए संघ द्वारा निरंतर सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।

Spread the love

You missed