बलरामपुर। आगामी त्यौहारों एवं लंबित मामलों को लेकर पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में लंबित अपराध, मर्ग, गुमशुदगी, गंभीर अपराध, एनडीपीएस, साइबर अपराध, महिला एवं पॉक्सो संबंधी प्रकरण, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, यातायात और कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की गई।
पुलिस अधीक्षक ने एक वर्ष से अधिक समय से लंबित गंभीर अपराधों, चिटफंड एवं धोखाधड़ी के मामलों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश तथा ऑपरेशन मुस्कान के तहत बच्चों की बरामदगी और पुनर्वास पर विशेष जोर दिया गया। एनडीपीएस मामलों में जब्त वाहनों की राजसाती, वित्तीय जांच तथा नशे के नेटवर्क की कड़ी को खंगालने के निर्देश दिए। साइबर जागृति अभियान के तहत आम लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूक करने तथा म्यूल अकाउंट, फेक एपीके, ओटीपी फ्रॉड और सोशल इंजीनियरिंग जैसे नए साइबर अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई करने कहा। महिला एवं पॉक्सो मामलों की जांच में तेजी लाने के साथ लंबित शिकायतों के त्वरित निराकरण पर भी जोर दिया गया। यातायात व्यवस्था की समीक्षा के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने, बिना हेलमेट व सीट बेल्ट, ट्रिपल सवारी, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने, ओवरलोडिंग और ओवरस्पीडिंग के मामलों में प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। आगामी त्यौहारों को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त और पुलिस व्यवस्था मजबूत करने को भी कहा गया। बैठक में वाड्रफनगर एसडीओपी रामअवतार ध्रुव, कुसमी एसडीओपी अलेक्सिस टोप्पो, रामानुजगंज एसडीओपी राजेश बांगडे, डीएसपी हेडक्वार्टर प्रमोद किस्पोट्टा, डीएसपी अजाक कमलेश्वर भगत सहित जिले के थाना-चौकी प्रभारी, रक्षित निरीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Spread the love

You missed