अंबिकापुर – सरगुजा में कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। अंबिकापुर के रियासतकालीन राधा-वल्लभ मंदिर में रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म पर विशेष पूजा-अर्चना की गई। राजपुरोहित ने पारंपरिक विधि-विधान से पूजन कराया। जन्म के समय मंदिर परिसर ‘जय कन्हैया लाल की’ के जयकारों से गूंज उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस आयोजन में शामिल हुए।

राधा-वल्लभ मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। देर रात तक पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और आरती होती रही। विशेष आरती में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। भक्तों ने भगवान श्रीकृष्ण का पालना झुलाया और प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर में दो दिनों तक पालना झुलाने के लिए श्रद्धालु पहुंचते हैं। सरगुजा में रियासतकाल से ही श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाने की परंपरा रही है। सरगुजा महाराजा रामानुज शरण सिंहदेव ने अपनी माता के लिए पैलेस परिसर में राधा-वल्लभ मंदिर का निर्माण वर्ष 1931 में कराया था। उनकी माता इसी मंदिर में पूजा करती थीं। रियासतकाल में यहां 12 दिनों तक कृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाता था।

पैलेस में 41 हजार की मटकी फोड़ी

कृष्ण जन्मोत्सव के मौके पर अंबिकापुर के पैलेस प्रांगण में मटकी फोड़ प्रतियोगिता हुई। इस बार विजेता टीम के लिए 41 हजार रुपए का इनाम रखा गया था। प्रतियोगिता में पांच टीमों ने हिस्सा लिया।शुरुआत में मटकी 30 फीट की ऊंचाई पर बांधी गई थी, लेकिन किसी टीम के सफल नहीं होने पर ऊंचाई घटाकर 25 फीट कर दी गई। इसके बाद बलरामपुर की गोविंदा टोली ने मटकी फोड़कर इनाम अपने नाम कर लिया।

नन्हे राधा-कृष्ण ने जीता लोगों का दिल

पैलेस परिसर में मटकी फोड़ के साथ फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता भी हुई। इसमें छोटे बच्चे राधा-कृष्ण की वेशभूषा में शामिल हुए। विजेता बच्चों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में राजपरिवार के आदितेश्वर शरण सिंहदेव, कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक समेत पैलेस से जुड़े लोग मौजूद रहे।

देवीगंज रोड और सीतापुर में भी मटकी फोड़

अंबिकापुर के देवीगंज रोड पर आनंद परिवार की ओर से मटकी फोड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई। शहर के अन्य इलाकों में भी मटकी फोड़ के आयोजन हुए, जो देर रात तक चलते रहे। सीतापुर में विधायक रामकुमार टोप्पो की ओर से लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में प्रतियोगिता कराई गई। यहां सीएसके चंद्रपुर की गोविंदा टीम ने मटकी फोड़कर प्रतियोगिता जीत ली।

Spread the love