लहपटरा टोल नाका की घटना, मारपीट का फुटेज वायरल, मामला थाने तक पहुंचा

अंबिकापुर/लखनपुर। अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाइवे-130 पर लहपटरा के पास स्थित टोल नाके से बुधवार को देर रात एक व्हीआईपी वाहन के गुजरने का सीसीटीव्ही फुटेज सामने आया है, जो प्रदेश के महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का है। सीसीटीव्ही के रिकार्ड को देखने पर नजर आ रहा है कि एक वाहन के गुजरने के बाद जैसे ही दूसरी वाहन गुजरी, गाड़ी पर बूम बैरियर गिर गया, जो मंत्री का था। घटना बाद मंत्री के काफिले में शामिल सुरक्षाकर्मी समेत अन्य लोग वाहन से उतरे। इसके बाद एक व्यक्ति ने टोल कर्मचारी को मारना शुरू कर दिया, जो मंत्री का निज सहायक बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, मंत्री बिलासपुर से अंबिकापुर की ओर आ रही थीं। देर रात उनका काफिला लहपटरा टोल नाके पर पहुंचा। प्रधानमंत्री की अपील के बाद मंत्रियों के काफिले में वाहनों की संख्या हो गई है। ऐसे में बिना फॉलो वाहन के सबसे आगे चल रही इनोवा गाड़ी ने जैसे ही टोल बैरियर को पार किया, स्वचालित प्रणाली के तहत बूम नीचे गिरा, और इसके ठीक पीछे आ रही मंत्री की कार के ऊपर बूम गिरा। गाड़ी तो आगे निकल गई, लेकिन इस घटना के बाद मंत्री का निज सहायक सुरक्षाकर्मियों के साथ वाहन से उतरकर टोल बूथ पहुंचा और वहां कर्मचारी महेंद्र राजवाड़े के साथ गाली-गलौज करके मारपीट करना शुरू कर दिया। टोल का कर्मचारी स्वयं की गलती नहीं होने और स्वचालित बूम बेरियर होने की बात कहते हुए हाथ जोड़कर माफी मांगते रह गया, लेकिन वह उसे कई हाथ जड़ दिया। बाद में मंत्री के सुरक्षाकर्मी निज सहायक को लेकर वापस वाहन में आ गए। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। टोलकर्मियों के द्वारा मामले की शिकायत लखनपुर थाने में की गई है।
टोलकर्मी के समर्थन में आगे आए ग्रामीण
इस घटना को जहां एक ओर सुरक्षा में चूक से जोड़कर देखा जा रहा है, वहीं स्थानीय टोल कर्मी की पिटाई के बाद लहपटरा ग्राम के लोगों में आक्रोश है, वे टोलकर्मी के समर्थन में हैं। हालांकि पुलिस के द्वारा ग्रामीणों का आक्रोश रोकने के लिए पीड़ित का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है, लेकिन इससे ग्रामीण संतुष्ट नहीं हैं। मामले में क्या कार्रवाई की जाती है, यह तो बाद ही पता चलेगा। वहीं मामले में मंत्री का नाम जुड़ने के बाद यह चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि मामले में समझौता जैसी हवा-हवाई बातें भी हो रही हैं।

Spread the love