प्राचीन राधा-वल्लभ मंदिर में उमड़ेंगे श्रद्धालु, राजपुरोहित करेंगे जन्मोत्सव पर विशेष पूजा
अंबिकापुर। भगवान कृष्ण का जन्मोत्सव शुक्रवार को जिले भर में धूमधाम से मनाया जाएगा। इसके लिए मंदिरों में तैयारियां शुरू कर दी गई हंै। शहर के सबसे प्राचीन, पुराना बस स्टैंड में स्थित राधा-वल्लभ मंदिर में बारिश के कारण बनी अवरोध की स्थिति के बीच रंग-रोगन का काम पूरा करने में श्रमिक जुटे रहे। सरगुजा महाराजा रामानुज शरण सिंहदेव ने अपनी माता के लिए पैलेस प्रांगण में राधा वल्लभ मंदिर का निर्माण वर्ष 1931 में कराया था। इस मंदिर में रामानुज शरण सिंहदेव की माता पूजा करतीं थीं, तब से कृष्ण जन्माष्टमी पर इस मंदिर में विशेष पूजा की जाती है। शहर सहित आस-पास क्षेत्र के भक्त दर्शन के लिए मंदिर में पहुंचते हैं। कृष्ण जन्माष्टमी पर सुबह से लेकर देर रात तक श्रद्धालुओं का दर्शन करने का सिलसिला चलते रहता है।
श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए मंदिर परिसर की साफ-सफाई करके आकर्षक लाइटिंग से सजावट किया जा रहा है। जन्माष्टमी से एक दिन पूर्व राजपरिवार के सदस्यों ने मंदिर में तैयारियों का जायजा लिया। मंदिर में शुक्रवार को सुबह से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो जाएगा, लोग अपने परिवार की सुख, समृद्धि की कामना करेंगे। राजपुरोहित पाण्डेय के द्वारा जन्माष्टमी पर रात करीब 12 बजे विशेष पूजा-अर्चना करके भगवान श्री कृष्ण का जन्म कराने का विधि पूर्ण किया जाएगा।
जन्मोत्सव पूर्व समाप्त हो जाएगा रोहिणी नक्षत्र और अष्टमी तिथि
मंदिर के पुजारी पंडित रामनरेश द्विवेदी ने बताया कि 03 सितम्बर को देर रात 12.45 बजे रोहिनी नक्षत्र और रात 1.33 बजे अष्टमी तिथि लग जाएगी। 04 सितम्बर को रात्रि 11.12 बजे तक रोहिणी नक्षत्र रहेगा, और 11.13 बजे अष्टमी तिथि समाप्त हो जाएगा। इसके बाद 12 बजे श्री कृष्ण का जन्मोत्सव होगा, इसमें राजपुरोहित के द्वारा विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। उन्होंने बताया कि सरगुजा महराज टीएस सिंहदेव और आदित्येश्वर शरण सिंह देव भी मंदिर में पूजार्चना के लिए पहुंचेंगे। जन्माष्टमी के दिन शाम 4 बजे से 6.30 बजे तक महिला मंडली द्वारा भजन-कीर्तन व 6.30 बजे से देर रात तक पुरूषों की मंडली के द्वारा भजन-कीर्तन किया जाएगा।
अलग बाक्स
रघुनाथ पैलेस परिसर में होगी मटकी फोड़ प्रतियोगिता
प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी शहर में जगह-जगह मटकी फोड़ आयोजन की तैयारियां की जा रही हैं। युवाओं में आयोजन को लेकर उत्साह देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में राधा बल्लभ पैलेस परिसर मटकी फोड़ समिति के द्वारा रघुनाथ पैलेस परिसर अंबिकापुर में मटकी फोड़ प्रतियोगिता का भव्य आयोजन 4 सितंबर, शुक्रवार को सायं 06 बजे से किया जा रहा है। विजेता को 41,000 रुपये नकद ईनाम दिया जाएगा। आयोजन के दौरान विशेष आकर्षण बच्चों का फैंसी ड्रेस कॉम्पिटिशन, महिलाओं, पुरूषों के लिए प्रतियोगिता, छोटी मटकी फोड़ जैसे आयोजन होंगे। समिति ने सभी शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
अलग बाक्स
श्री बंशीधर मंदिर में होंगे विविध आयोजन
फोटो-7
बलंगी। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी बलंगी स्थित प्राचीन श्री बंशीधर मंदिर में आज शुक्रवार को जन्माष्टमी के पावन पर्व पर धार्मिक अनुष्ठानों के साथ विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। श्री बंशीधर न्यास समिति के अध्यक्ष राजकिशोर शुक्ला ने बताया श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर बंशीधर मंदिर में बालपन से लेकर श्री राधाकृष्ण के रूप में विराजमान भगवान श्री कृष्ण का आकर्षक शृृंगार किया जाएगा। मंदिर परिसर में संध्या में स्थानीय एवं बाहर से आमंत्रित कलाकरों के द्वारा भगवान श्री कृष्ण के मनभावन भजनों की अमृत वर्षा झांकियों के प्रस्तुति के बीच की जाएगी। परंपरानुसार देर रात रोहणी नक्षत्र में भगवान श्री कृष्ण के जन्म पश्चात मंगलगान व विशेष पूजा अर्चना की जाएगी। वहीं आतिशबाजी एवं केक काटकर जन्मोत्सव मनाया जाएगा। छह दिन बाद भगवान की छठी एवं भव्य भंडारे का का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस बीच पूरे छह दिनों तक मंदिर परिसर में भजन संकीर्तन का कार्यक्रम होगा। आयोजन समिति ने बताया कि, प्राचीन श्री बंशीधर मंदिर में जन्माष्टमी पर्व पर बलंगी सहित आसपास क्षेत्र के दर्जनों गांव के लोग पूजा अर्चना व दर्शन के लिए पहुंचते है। बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से यहां मेले जैसा नजारा रहता है। इस वर्ष आयोजन को और भव्यता प्रदान करने के लिए समिति के द्वारा व्यापक व्यवस्था की गई है। समस्त कार्यक्रमों में समिति ने श्रीकृष्ण भक्तों से शामिल होने का आग्रह किया है।

Spread the love