अंबिकापुर। सरगुजा संभाग के जशपुर जिले में मामूली बात को लेकर हुई मारपीट में एक युवक की जान चली गई। तंबाकू मांगने की बात पर आरोपी ने लोहे के पाइप से मजदूर युवक के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना की सूचना पर सन्ना थाना पुलिस ने पहले मारपीट का अपराध दर्ज किया था, अब हत्या का मामला दर्ज करेगी।
जानकारी के मुताबिक, मृतक उमेश राम पिता स्व. जुगेराम 22 वर्ष, ग्राम डोभ थाना सन्ना का निवासी है। वह वर्तमान में सन्ना में अपने रिश्ते के भाई राजकुमार राम के साथ रहकर मजदूरी का काम करता था। बीते 28 अगस्त की रात करीब 9 बजे उमेश अपने भाई राजकुमार और गांव के रितेश प्रजापति, पाण्डु प्रजापति, रूस्तम प्रजापति के साथ सन्ना माझाटोली में सुधन के गैरेज के पास खड़ा था। यहां रूस्तम प्रजापति तंबाकू बना रहा था। उमेश ने उससे तंबाकू देने के लिए कहा तो रूस्तम ने तंबाकू जमीन पर फेंक दिया। इस पर उमेश ने कहा कि तम्बाकू जमीन पर क्यों फेंक रहे हो, इसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया। आरोप है कि रूस्तम ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और गैरेज में पड़ा लोहे का पाइप उठाकर उमेश के सिर पर दे मारा। अचानक किए गए हमले से उमेश को संभलने का मौका नहीं मिला और वह जमीन पर गिर गया। राजकुमार सहित अन्य लोगों ने इस दौरान बीच-बचाव किया, इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल को मोटरसायकल में राजकुमार सहित अन्य तत्काल शासकीय अस्पताल सन्ना ले गए, यहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज संबद्ध अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया गया था।
आर्थिक तंगी के कारण ले गए थे घर
अंबिकापुर आने के बाद स्वजन घायल को निजी अस्पताल ले गए। स्थिति गंभीर होने पर डॉक्टर ने उसे रायपुर ले जाने की सलाह दी, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण स्वजन उसे घर ले गए। बताया गया कि इलाज के लिए आरोपी के पिता से मदद मांगी गई, लेकिन वह टालमटोल करते रह गया। 31 अगस्त को तबीयत बिगड़ने पर स्वजन उसे फिर मेडिकल कॉलेज संबद्ध अस्पताल अंबिकापुर लाए, यहां इलाज के बीच शाम 5.24 बजे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की थी मारपीट का केस दर्ज
इस मामले में सन्ना थाने में 29 अगस्त को बीएनएस की धारा 115(2), 296, 351(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया था। मौत के बाद पुलिस हत्या की धारा जोड़ेगी। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन के सुपुर्द कर दिया है।

Spread the love