अंबिकापुर। सरस्वती शिक्षा महाविद्यालय सुभाषनगर अंबिकापुर की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत एक सितंबर से 15 सितंबर तक 15 दिवसीय साक्षरता पखवाड़ा गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. श्रद्धा मिश्रा के मार्गदर्शन एवं कार्यक्रम अधिकारी रासेयो श्रीमती रानी रजक के नेतृत्व में यह आयोजन हो रहा है।
पखवाड़े के पहले दिन 01 सितंबर को विभिन्न शालानुभव विद्यालयों में उल्लास साक्षरता पखवाड़ा का शुभारंभ एवं शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं समुदाय में साक्षरता के महत्व के प्रति जागरूकता लाना और प्रत्येक व्यक्ति को शिक्षा से जोड़ने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम में उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम की जानकारी दी गई और बताया गया कि शिक्षा केवल पढ़ना-लिखना नहीं, बल्कि व्यक्ति को जागरूक, आत्मनिर्भर और जिम्मेदार नागरिक बनाती है। इसके बाद उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं सहभागियों ने निरक्षर व्यक्तियों को शिक्षा से जोड़ने की शपथ ली। इस अवसर पर सभी ने पढ़ेगा भारत, बढ़ेगा भारत के संकल्प के साथ अभियान को सफल बनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक कर्मचारी, एनएसएस स्वयंसेवक तथा शालानुभव विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Spread the love