भैयाथान। झिलमिली थाना क्षेत्र अंतर्गत रेण नदी पुलिया के पास गुरुवार दोपहर बैंक में पैसा निकालने के लिए घर से निकला 65 वर्षीय बुजुर्ग रामबरन राम आकाशीय बिजली की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना की खबर मिलते ही स्वजन के बीच मातम का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम रजबहर निवासी रामबरन राम रोजमर्रा के काम से भैयाथान जाने और बैंक से पैसा निकालने घर से निकला था। इसी सिलसिले में वे रजबहर से भैयाथान की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रेण नदी पुलिया के पास अचानक मौसम में बदलाव के बीच आकाशीय बिजली गिरी और रामबरन राम उसकी चपेट में आकर बुरी तरह से झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी तत्काल स्वजन को दी। 108 एंबुलेंस से रामबरन राम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भैयाथान पहुंचाया गया, यहां जांच के बाद चिकित्सक ने रामबरन राम को मृत घोषित कर दिया। कुछ ही पल में परिवार ने बुजुर्ग सदस्य को खो दिया। घटना के बाद रजबहर सहित आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। घटना की सूचना के बाद झिलमिली पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा, पोस्टमार्टम कराया है।

Spread the love