ब्रह्माकुमारीज के 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा अभियान को मिला भारी समर्थन  

अंबिकापुर। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा संस्थान की पूर्व मुख्य प्रशासिका दादी प्रकाशमणि की पुण्य स्मृति में संचालित राष्ट्रव्यापी 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान को सरगुजा संभाग में अपार जनसमर्थन मिल रहा है।
अभियान 6 अगस्त से 20 अगस्त तक चलाया जा रहा है। शुरुआती 6 दिनों में ही सरगुजा संभाग में विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों, संस्थानों के विद्यार्थी, युवा एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेते हुए नशा नहीं करने और दूसरों को जागरूक करने की संकल्पबद्ध प्रतिज्ञा ली। अभियान के तहत अलग-अलग क्षेत्रों में आयोजित नशा मुक्ति कार्यक्रमों के माध्यम से अब तक कुल 63 हजार से अधिक लोगों ने नशा मुक्ति का संकल्प लिया है। कार्यक्रमों के दौरान ब्रह्माकुमारीज के वक्ताओं ने युवाओं को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक, पारिवारिक और आर्थिक नुकसान के प्रति जागरूक किया। साथ ही राजयोग ध्यान और आध्यात्मिक सशक्तिकरण के माध्यम से व्यसन मुक्त जीवन जीने की सरल विधियां भी बताई गईं।
देशभर में 1 करोड़ से अधिक लोग जुड़े
संस्था की सरगुजा संभाग प्रभारी बी.के. विद्या ने बताया कि यह अभियान 20 अगस्त तक निरंतर जारी रहेगा। इसका मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाकर एक स्वस्थ और नशा-मुक्त समाज का निर्माण करना है। उन्होंने बताया कि अभी तक पूरे भारत में कुल 1 करोड़ 13 हजार 378 लोगों ने अभियान के अंतर्गत नशामुक्ति की प्रतिज्ञा की है। विद्यालयों और महाविद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतिज्ञा के साथ उन्होंने अपने परिवार और मित्रों को भी नशे से दूर रखने का संकल्प दोहराया।

Spread the love