बलरामपुर। जिले के थाना बसंतपुर पुलिस ने मवेशियों को क्रूरतापूर्वक हांककर उत्तर प्रदेश के बूचड़खाने ले जाने के मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 भैंस बरामद की थी। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार, बीते 4 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग 5 भैंसों को क्रूरतापूर्वक मारते-पीटते हुए उत्तर प्रदेश के बूचड़खाने ले जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी करके सभी मवेशियों को बरामद किया और मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान पूर्व में पकड़े गए आरोपी उमेश यादव ने पुलिस को बताया कि वह उत्तर प्रदेश के पोखरा निवासी सद्दाम खान के साथ मवेशियों को हांककर ले जा रहा था। पुलिस ने जांच आगे बढ़ाते हुए सद्दाम खान को 12 अगस्त को हिरासत में लिया और पूछताछ की, तो उसने एक अन्य साथी के साथ मवेशियों को हांकने तथा नंदलाल गोड़ द्वारा मवेशियों को खरीदकर अपने घर में रखने की जानकारी दी। मामले में पुलिस ने सद्दाम खान (32) निवासी ग्राम पोखरा, थाना बभनी, उत्तर प्रदेश और नंदलाल गोंड (27) निवासी बहुलापाठ, थाना बसंतपुर को विधिवत गिरफ्तार करके न्यायालय के समक्ष पेश किया है।

Spread the love