राष्ट्र गौरव का संदेश देने जुटेंगे कार्यकर्ता और आम नागरिक

जरही। हर घर तिरंगा अभियान के तहत भारतीय जनता पार्टी जरही मंडल द्वारा आज 13 अगस्त को भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता के संदेश के साथ आयोजित होने वाली इस यात्रा को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। यात्रा में भाजपा के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं के साथ ही मंडल क्षेत्र के आम नागरिक, माताएं एवं बहनें भी बड़ी संख्या में शामिल होंगी।
प्रदेश संगठन के निर्देशानुसार आयोजित इस तिरंगा यात्रा का आयोजन जिला अध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी के मार्गदर्शन तथा प्रतापपुर विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते के नेतृत्व में किया जा रहा है। तिरंगा यात्रा का शुभारंभ दोपहर 12.30 बजे दुर्गा पंडाल ऊर्जानगर, नगर पंचायत जरही से किया जाएगा। यहां से भाजपा कार्यकर्ता और नागरिक हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रभक्ति एवं एकता का संदेश देते हुए यात्रा में शामिल होंगे। कार्यक्रम में जरही मंडल अंतर्गत निवासरत प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य, जिला पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष एवं महामंत्री, मंडल के पदाधिकारी, शक्ति केंद्र प्रभारी, संयोजक एवं सह-संयोजक, भाजपा के वरिष्ठ सदस्य तथा बड़ी संख्या में ऊर्जावान कार्यकर्ताओं को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। इसके साथ ही मंडल क्षेत्र के सभी सम्मानित नागरिकों, माताओं एवं बहनों से भी इस राष्ट्रगौरव के आयोजन में बढ़-चढ़कर शामिल होने की अपील की गई है।
बूथ स्तर तक पहुंचेगा तिरंगे का संदेश
भाजपा जरही मंडल द्वारा तिरंगा यात्रा को व्यापक रूप देने के लिए बूथ स्तर पर भी विशेष तैयारी की गई है। मंडल के सभी बूथ अध्यक्षों एवं बूथ प्रभारियों को अपने-अपने बूथ क्षेत्रों में तिरंगा यात्रा का आयोजन करने के निर्देश दिए गए हैं। संगठन ने कार्यक्रम के बाद उसकी फोटोग्राफ एवं तस्वीरें मंडल ग्रुप तथा सरल ऐप में अपलोड करना भी अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया गया है।
तिरंगा यात्रा को बनाएं ऐतिहासिक
भाजपा जरही मंडल ने सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से निर्धारित समय व स्थान पर पहुंचने की अपील की है। यह केवल एक यात्रा नहीं बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को प्रदर्शित करने का अवसर है। भाजपा जरही मंडल अध्यक्ष मुकेश सिंह, मंडल महामंत्री लाल साय सिंह पावले एवं मंडल महामंत्री दीपक मिश्रा ने सभी भाजपा कार्यकर्ताओं, वरिष्ठ सदस्यों, माताओं-बहनों और क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में तिरंगा यात्रा में शामिल होने की अपील की है।

Spread the love