स्वास्थ्य विभाग ने चलाया सघन जांच अभियान
उदयपुर। विकासखंड उदयपुर के पीजीवीटी ग्रामों में मलेरिया का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उदयपुर द्वारा 26 जुलाई को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को भेजी गई रिपोर्ट में 31 मरीजों की पुष्टि की गई थी, अब यह संख्या बढ़कर 39 हो गई है। ये आंकड़े बीते 6 मई से अब तक के बताए जा रहे हैं।
प्रभावित गांवों में मतरिंगा, खर्रानगर, मुसर डांड, मुकना पहाड़, बारो पहाड़, बकोई और सेमी घोघरा शामिल हैं। इन गांवों में ज्यादातर मरीज पहाड़ी कोरवा और पण्डो समुदाय के हैं। रिपोर्ट के अनुसार सभी 39 मरीज प्लाज्मोडियम फाल्सीपेरम पीएफ से संक्रमित पाए गए हैं। मरीजों में 1.5 वर्ष के बच्चे से लेकर 60 वर्ष तक की महिला तक शामिल हैं। संक्रमण के मामले विशेष रूप से मतरिंगा, मुशरडांड और खर्रानगर क्षेत्र में अधिक सामने आए हैं।
घर-घर सर्वे और उपचार शुरू
स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमण को रोकने के लिए प्रभावित गांवों में सघन अभियान शुरू किया है। टीम घर-घर जाकर बुखार से पीड़ित लोगों का सर्वे कर रही है। मौके पर ही किट से जांच की जा रही है। मलेरिया पॉजिटिव मरीजों के घरों में प्राथमिकता के आधार पर मच्छरदानी का वितरण किया गया है। सभी पॉजिटिव मरीजों का प्रोटोकॉल के अनुसार रैडिकल ट्रीटमेंट भी शुरू कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रही है।
अधिकारी गांव तक पहुंचे
मलेरिया नियंत्रण के लिए सीएमएचओ डॉ. पी.एस. मार्को, एसडीएम रामराज सिंह, मलेरिया सुपरवाइजर श्रवण श्रीवास सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी लगातार प्रभावित ग्रामों का दौरा कर रहे हैं।

Spread the love