अंबिकापुर। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से सरगुजा पुलिस द्वारा ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देशन में यातायात शाखा की टीम ने चेकिंग के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले 3 लोगों पर 30 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया है।
यातायात शाखा प्रभारी उप निरीक्षक विजय कैवर्त ने बताया कि चेकिंग के दौरान पहली कार्रवाई कार क्रमांक सीजी 15 ईई 5646 के चालक अमिताभ पन्ना 26 वर्ष, निवासी सलयाडीह थाना बतौली पर की गई। दूसरा मामला कार क्रमांक जेएच 01 बीएफ 5109 के चालक विशाल सोनवानी 24 वर्ष, निवासी सुर थाना सीतापुर के विरूद्ध की गई। तीसरे प्रकरण में स्कूटी क्रमांक सीजी 15 ईएच 8601 के चालक मुकेश मिंज 31 वर्ष, निवासी गंगापुर थाना गांधीनगर के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। तीनों वाहन चालक मौके पर शराब के नशे में धुत्त मिले। ब्रेथ एनालाइजर से जांच करने पर नशे की पुष्टि हुई। पुलिस ने तीनों के विरुद्ध धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने प्रत्येक चालक पर 10-10 हजार रुपये, कुल 30 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया। यातायात पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि, शराब पीकर वाहन न चलाएं। यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों पर आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love