वक्ताओं ने कहा-हिंदी सिर्फ भाषा नहीं, हमारी पहचान है

अंबिकापुर। सरस्वती शिक्षा महाविद्यालय, सुभाषनगर में शुक्रवार को राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के अंतर्गत ‘हिंदी भाषा और व्यक्तित्व निर्माणÓ विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. श्रद्धा मिश्रा के मार्गदर्शन एवं विभागाध्यक्ष रानी रजक के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया।
हिंदी हमारी पहचान: आशांशु त्रिपाठी
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता आशांशु त्रिपाठी, शिक्षक हिंदी, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय शिवपुर बतौली ने कहा कि हिंदी केवल एक भाषा नहीं, बल्कि हमारी पहचान है। हिंदी संस्कृत की पुत्री है और इसके अनेक रूप हैं। उन्होंने कहा कि हिंदी किसी एक जाति की भाषा नहीं, यह सबकी है। भाषा केवल विचारों को व्यक्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि यह हमारे संस्कार, संस्कृति, व्यवहार और व्यक्तित्व की पहचान भी है। उन्होंने कहा कि शुद्ध, सरल और विनम्र भाषा आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास करती है। हिंदी साहित्य में निहित नैतिकता, संवेदना और मानवीय मूल्य चरित्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अंत में उन्होंने कहा कि सशक्त भाषा, सशक्त विचारों को जन्म देती है।
भाषा से बनता है व्यक्तित्व: निर्मल गुप्ता
दूसरे मुख्य वक्ता निर्मल कुमार गुप्ता, लेखपाल, सेफोरा हेल्थ हाइजिन कंपनी जशपुर ने कहा कि व्यक्तित्व हमारे विचारों, व्यवहार और संवाद के तरीके से बनता है। स्पष्ट और प्रभावशाली हिंदी में बात रखने से सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए भाषा ज्ञान के संप्रेषण का सबसे बड़ा साधन है।
मुख्य अतिथि अमृता ने दिया यह संदेश
मुख्य अतिथि अमृता जायसवाल ने कहा कि हिंदी हमारी संस्कृति और भावनाओं की पहचान है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से कहा कि आप भविष्य के शिक्षक हैं, इसलिए आपकी भाषा और व्यवहार विद्यार्थियों के लिए आदर्श बने। सरल, शुद्ध और सकारात्मक भाषा का प्रयोग करें।
हर भाषा का करें सम्मान: श्रद्धा मिश्रा
कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. श्रद्धा मिश्रा ने कहा कि हमें हर भाषा का सम्मान करना चाहिए। हिंदी केवल संवाद की भाषा नहीं, बल्कि हमारे विचारों और संस्कारों की पहचान है। कार्यक्रम में उर्मिला यादव, मिथलेश कुमार गुर्जर, सविता यादव, सीमा बंजारे सहित बी.एड प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।

Spread the love