अंबिकापुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती ने शादी का झांसा देकर दैहिक शोषण, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक सरगुजा को लिखित शिकायत किया था, जिस पर अनुसूचित जाति कल्याण थाना में आरोपी युवक के विरूद्ध पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
बीएससी ग्रेजुएट पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह वर्ष 2018 में गर्ल्स कॉलेज अंबिकापुर में प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही थी, उसी दौरान गांव के एक युवक से उसकी जान-पहचान हुई। इसके बाद युवक ने शादी करने का वादा करके उससे संबंध बनाया। आरोप है कि विगत ढाई-तीन वर्षों तक आरोपी ने शादी करने का आश्वासन देकर उसका दैहिक शोषण किया। आरोपी उसे अपने घर में करीब 3 महीने तक रखा। आरोप है कि, इस बीच आरोपी ने उसके साथ कई बार मारपीट की। इस संबंध में मेडिकल रिपोर्ट और ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग मौजूद होने का दावा युवती ने किया है।
इस मामले में पहले भी वह अजाक थाना में शिकायत की थी, यहां समझौता होने के बाद आरोपी व उसके स्वजन ने शादी करने का आश्वासन दिया, जिस कारण वह शिकायत वापस ले ली थी। इसके बाद आरोपी का व्यवहार बदल गया और वह शादी करने से इन्कार कर दिया। पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ दण्डात्मक कार्रवाई करके न्याय दिलाने और स्वयं के सुरक्षा की गुहार लगाई है। पुलिस अधीक्षक से प्राप्त आवेदन पर अजाक थाना पुलिस अग्रिम जांच, कार्रवाई कर रही है।

Spread the love