अंबिकापुर। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के विश्वविद्यालय अध्यक्ष सुरेन्द्र गुप्ता के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय के कुलपति को ज्ञापन सौंपकर छात्रहित से जुड़ी मांगें रखीं।
ज्ञापन में एनएसूयआई ने मार्च-अप्रैल 2026 की मुख्य वार्षिक परीक्षा में अनुत्तीर्ण एवं अनुपस्थित विद्यार्थियों के लिए पूरक परीक्षा-2026 के साथ विशेष परीक्षा आयोजित करने की मांग की। संगठन ने कहा कि प्रायोगिक परीक्षा एवं आंतरिक मूल्यांकन में अनुत्तीर्ण या अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों को भी विशेष अवसर दिया जाए, ताकि उनका एक पूरा शैक्षणिक वर्ष व्यर्थ न हो। सुरेन्द्र गुप्ता ने कहा कि वर्तमान में बड़ी संख्या में विद्यार्थी पूरक एवं विशेष परीक्षा की प्रतीक्षा कर रहे हैं। साथ ही पुनर्मूल्यांकन एवं पुनर्गणना के कई आवेदन लंबित हैं। शैक्षणिक सत्र 2026-27 की प्रवेश प्रक्रिया जारी है। यदि परीक्षा और परिणामों में विलंब हुआ तो कई विद्यार्थी समय पर प्रवेश से वंचित हो जाएंगे।
एनएसयूआई ने मांग की, पूरक एवं विशेष परीक्षा की समय-सारणी और आवेदन प्रक्रिया तत्काल जारी हो। प्रायोगिक विषयों की परीक्षा प्राथमिकता से कराई जाए। पुनर्मूल्यांकन, पुनर्गणना, यूएफएम विथहेल्ड के सभी लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निपटारा हो। यह व्यवस्था वन टाइम एकेडमिक रिलीफ के रूप में लागू हो और पुराने और नये दोनों के छात्रों को लाभ मिले। उपाध्यक्ष गौतम गुप्ता ने कहा कि परीक्षा में देरी से छात्रों को मानसिक, आर्थिक और शैक्षणिक दिक्कतें होती हैं। समय पर निर्णय से ड्रॉप-आउट कम होगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान अमन सिंह, मनीष सोनी, प्रिंस, अभिषेक एवं इलेश सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

Spread the love