रेल्वे स्टेशन, स्कूल में छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की दी गई समझाईश

अंबिकापुर। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में यातायात पुलिस द्वारा नाबालिगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता लाने हेतु प्रतिदिन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य नाबालिग छात्र-छात्राओं को दुर्घटनाओं से बचाना और सड़कों पर सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
इसी क्रम में 5 अगस्त को यातायात पुलिस टीम रेल्वे स्टेशन अंबिकापुर के पास स्थित शासकीय स्कूल पहुंची। यहां छात्र-छात्राओं को एकत्रित कर उन्हें अंडरएज ड्राइविंग के खतरों और यातायात नियमों के पालन के बारे में जानकारी दी गई। पुलिस ने जिले के समस्त विद्यालयों के प्राचार्य एवं प्रधानपाठकों को निर्देशित किया कि बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस वाले छात्र-छात्राओं को दोपहिया वाहन से स्कूल आने की अनुमति न दें। यदि कोई नाबालिग वाहन चलाते पाया जाता है तो उसे समझाईश दी जाए। पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को किसी भी परिस्थिति में वाहन न चलाने दें। छात्र-छात्राओं को स्कूल के अधिकृत वाहन अथवा स्वजन के साथ आने-जाने की सलाह दी गई। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Spread the love