कॉलेज के विद्यार्थियों ने चलाया पॉश एवं यौन उत्पीड़न रोकथाम जागरूकता अभियान
अंबिकापुर।  
राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के 5 विद्यार्थियों अंकिता, प्रीति, भूमिका, आशुतोष और अंबिके ने मंगलवार को परिसर में यौन उत्पीड़न, यौन उत्पीड़न निवारण अधिनियम और विशाखा समिति की भूमिका पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। यह पहल महाविद्यालय के सोशल इनोवेशन एवं कम्युनिटी इंगेजमेंट सेल, विशाखा समिति और मुहिम फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की गई। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने परिसर की छात्राओं के बीच किए गए एक सर्वेक्षण के निष्कर्ष प्रस्तुत किए, जिसमें उन स्थानों की पहचान की गई जहां परिसर को अधिक सुरक्षित और यौन उत्पीड़न मुक्त बनाने के लिए सुधार की आवश्यकता है। जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रश्नोत्तरी एवं अन्य गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में लगभग 150 विद्यार्थियों ने भाग लिया। सत्र में एनसीसी के भी विद्यार्थी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार सिन्हा ने कहा कि विद्यार्थियों को इतने महत्वपूर्ण विषय पर पहल करते देखकर प्रसन्नता हो रही है। उन्होंने कहा कि आज के समय में विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों से आगे बढ़कर अपने व्यक्तित्व का विकास करना चाहिए और समाज की गहरी समझ हासिल करनी चाहिए। कार्यक्रम के दौरान विशाखा समिति की संयोजक डॉ. संगीता पाण्डेय एवं सोशल इनोवेशन एवं कम्युनिटी इंगेजमेंट सेल के संयोजक डॉ. दीपक सिंह ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। विधि विभाग की डॉ. पूनम ने विद्यार्थियों के अधिकारों एवं कानूनी प्रावधानों पर तकनीकी सत्र लिया, जिसमें उन्होंने यौन उत्पीड़न से जुड़ी शिकायतों के निवारण के लिए व्यवस्था में उपलब्ध मैकेनिज्म के बारे में विस्तार से बताया। अंत में डॉ. कामिनी ने आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. एस.एन. पाण्डेय, आईक्यूएसी के संयोजक डॉ. उमेश कुमार पांडेय, डॉ. माधवेन्द्र तिवारी, डॉ. रजनी सारथी और डॉ. अनुजा कुजूर भी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में मुहिम फाउंडेशन की ओर से आकृति, रोस और ऋषिकेश उपस्थित रहे। विद्यार्थियों द्वारा संचालित यह कार्यक्रम राजीव गांधी महाविद्यालय के विद्यार्थियों, प्राध्यापकों और सहयोगी संस्थाओं के सक्रिय सहयोग से परिसर को सुरक्षित, समावेशी और जागरूक बनाने की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है। पांचों विद्यार्थी पीजी कॉलेज और मुहिम फाउंडेशन द्वारा संयुक्त रूप से संचालित यूथ लीडरशिप एंड कम्युनिटी एक्शन प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम के विद्यार्थी हैं।

Spread the love