सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का करें त्वरित निराकरण, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

अंबिकापुर। कलेक्टर अजीत वसंत ने सोमवार को जिला कलेक्टोरेट के सभाकक्ष में विभागों के लंबित प्रकरणों एवं शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में एपीजी (नेटवर्क प्लानिंग ग्रुप) परियोजना के अंतर्गत प्रस्तावित 4-लेन कटघोरा-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग-130 के एलाइनमेंट के संबंध में चर्चा की गई। कलेक्टर ने परियोजना के प्रभावी प्रस्तुतीकरण एवं आवश्यक अनुमोदनों की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए एनएचएआई, जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने कहा। परियोजना से जुड़े आवश्यक कार्यों एवं प्रक्रियाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण करते हुए योजना एवं क्रियान्वयन में शीघ्र गति लाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने बैठक में सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों की शिकायतों का समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए प्रत्येक प्रकरण का गंभीरता से परीक्षण कर संतुष्टिपूर्ण निराकरण किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अनावश्यक रूप से प्रकरण लंबित न रखें, सभी विभाग लंबित प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग कर निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही या अनावश्यक विलंब की स्थिति में संबंधित अधिकारियों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्र में तहसीलवार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
बैठक में विभागीय अधिकारियों को समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने तथा आमजन से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के साथ निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने तहसीलदारों को निर्देशित करते हुए कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र में ऐसे बच्चे जिनका जन्म प्रमाणपत्र नहीं बना है, उनका चिन्हांकन कर प्रमाणपत्र बनवाने की कार्रवाई करें। इस दौरान अन्य विभागीय कार्यों व कलेक्टर जनदर्शन, जन चौपाल, जन शिकायत, पीजी पोर्टल की समीक्षा की गई। बैठक में उपवनमण्डलाधिकारी अंबिकापुर श्वेता कम्बोज, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार अग्रवाल, अपर कलेक्टर सुनील नायक, राम सिंह ठाकुर, नगर निगम आयुक्त डीएन कश्यप, सर्व एसडीएम एवं विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
समय सीमा में राजस्व प्रकरणों का करें निराकरण
कलेक्टर ने राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक में विभिन्न राजस्व प्रकरणों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने लंबित मामलों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण पर जोर देते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करने कहा। सभी तहसीलदारों को 6 माह से पूर्व के सभी प्रकरणों के शत-प्रतिशत निराकरण के निर्देश दिए। बैठक में नक्शा बटांकन के कार्य में तेजी लाने सभी तहसीलदारों को निर्देशित किया, वहीं त्रुटि सुधार से संबंधी प्रकरणों को जल्द निराकृत करने सभी एसडीएम को निर्देश दिए।

Spread the love