अंत्योदय कार्डधारकों को 4 माह से नहीं मिल रहा शक्कर, खाद्य अधिकारी को सौंपा ज्ञापन

अंबिकापुर। शहर के मौलाना अब्दुल कलाम आजाद मंडल के विभिन्न वार्डों में राशन वितरण में अनियमितता और नियमित रूप से राशन दुकान के नहीं खुलने को लेकर सोमवार को एक प्रतिनिधि मंडल ने मंडल अध्यक्ष निकी खान के नेतृत्व में जिला खाद्य अधिकारी से मुलाकात करके ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधि मंडल में अंबिकापुर शहर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह धंजल एवं कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष मो. इस्लाम के साथ पार्षद मो. हसन एवं मो. बाबर भी शामिल थे।
जिला खाद्य अधिकारी से मुलाकात का मुख्य मुद्दा एपीएल वर्ग को चावल और शक्कर वितरण नहीं होने के साथ बायोमैट्रिक ओटीपी बंद होने से उत्पन्न समस्याओं की ओर ध्यान दिलाना था। ओटीपी व्यवस्था बंद होने और मात्र बायोमैट्रिक मिलान को आधार बनाए जाने के कारण कई वृद्ध अपना राशन नहीं उठा पा रहे हैं।  प्रतिनिधि मंडल ने अंत्योदय कार्डधारकों को 4 माह से शक्कर वितरण नहीं होने के साथ ही साथ एपीएल कार्डधारकों को चावल का वितरण नहीं होने की शिकायत भी दर्ज कराई है। प्रतिनिधि मंडल ने बताया कि समितियों के द्वारा क्षेत्र के राशन दुकानों को नियमित रूप से नहीं खोला जा रहा है, जिससे क्षेत्रवासियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
खाद्य अधिकारी ने प्रतिनिधि मंडल को समस्याओं को दूर करने का आश्वासन दिया है। प्रतिनिधि मंडल में मंडल अध्यक्ष चंद्रप्रकाश सिंह एवं सौरभ फिलिप के साथ ही काजू खान, विजय सोनी, शमसु अंसारी, अब्दुल वाहिद, अजहर मंसूरी, मो औरंगजेब आदि भी शामिल थे।

Spread the love